सहायक पंजीयक सहकारिता निलंबित, पेयजल, पीएम आवास और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश
बैकुंठपुर।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत कोरिया, एमसीबी और सूरजपुर जिलों के विकास कार्यों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। चिरमिरी स्थित एसईसीएल के तानसेन भवन में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने किसानों को समय पर खाद-बीज वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कोरिया जिले की जिल्दा सहकारी समिति में खाद वितरण में लापरवाही की शिकायत सामने आने पर मुख्यमंत्री ने सहायक पंजीयक सहकारिता आयुष प्रताप सिंह को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर कोरिया को इस मामले में अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कड़ी कार्रवाई करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पेयजल संकट को देखते हुए दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने, आवश्यकता पड़ने पर टैंकर क्रय करने तथा सीमावर्ती जिलों से भी जल आपूर्ति करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सड़क, भवन और अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से बिना किसी दबाव के पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कार्य करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने बरसात के मौसम में संभावित मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग को अग्रिम तैयारी करने के निर्देश दिए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और उपस्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पेयजल स्रोतों में क्लोरीन डालने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे कार्यों को समय पर पूर्ण करने, नॉमिनी संबंधी समस्याओं का समाधान करने तथा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने मातृ मृत्यु दर कम करने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
विष्णु देव साय ने कहा कि सुशासन तिहार का सकारात्मक प्रभाव जनता तक पहुंच रहा है और अधिकारी जनता के सेवक के रूप में कार्य करें। उन्होंने राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, शिविरों की संख्या बढ़ाने तथा पेट्रोल, डीज़ल और गैस की नियमित उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने वन विभाग को सड़क, बिजली और सिंचाई परियोजनाओं के लिए समय पर क्लीयरेंस देने को कहा तथा कोयला खदानों में स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। गुरुघासीदास राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के गांवों के पुनर्वास और वन्यजीव संरक्षण संबंधी निर्देश भी बैठक में दिए गए। कोरिया के जिलास्तरीय अधिकारी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में वर्चुअल जुड़े हुए थे।
बैठक में केबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, बैकुंठपुर विधायक भईया लाल राजवाड़े, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल सहित कोरिया जिला कलेक्टर रोक्तिमा यादव, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे, डीएफओ तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।



+ There are no comments
Add yours