कोरिया पुलिस ने एसी कॉपर पाइप चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी व दो कबाड़ी गिरफ्तार……92 हजार रुपये के कॉपर पाइप बरामद, सोनहत पुलिस ने 6 चोरी की बाइक भी की जब्त

Estimated read time 1 min read


92 हजार रुपये के कॉपर पाइप बरामद, सोनहत पुलिस ने 6 चोरी की बाइक भी की जब्त


बैकुंठपुर।

कोरिया पुलिस ने जिला एवं सत्र न्यायालय, बैंकों और सरकारी कार्यालयों में हुई एसी के कॉपर पाइप चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों, एक अपचारी बालक तथा चोरी का सामान खरीदने वाले दो कबाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने चोरी गए 18 एसी के कॉपर पाइप, जिनकी कीमत लगभग 92 हजार रुपये है, बरामद कर लिए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सिटी कोतवाली बैकुंठपुर, थाना चरचा और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर मामले की जांच की गई। जांच में सामने आया कि 28 मई से 5 जून 2026 के बीच जिला एवं सत्र न्यायालय बैकुंठपुर, साकेत सदन चरचा, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा बैकुंठपुर में लगे एसी के कॉपर पाइप चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में चरचा और सिटी कोतवाली थाने में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस की लगातार निगरानी और साइबर तकनीक की मदद से संदिग्ध देवेन्द्र कुमार रजक उर्फ दीपू निवासी ओड़गी डकईपारा बैकुंठपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने एक अपचारी बालक के साथ मिलकर न्यायालय और साकेत सदन से कॉपर पाइप चोरी करना स्वीकार किया। वहीं बैंकों में हुई चोरी की वारदात को उसने अकेले अंजाम देना कबूल किया।
जांच के दौरान चोरी का सामान खरीदने वाले पटना निवासी नासिर खान, जय सिंह तथा मोहम्मद गफ्फार के कब्जे से चोरी के कॉपर पाइप बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इधर, थाना सोनहत पुलिस ने भी चोरी के वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी बृज कपूर की निशानदेही पर ग्राम केशगवां के जंगल से छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों के खुलासे में सिटी कोतवाली, चरचा थाना, सोनहत थाना और साइबर सेल की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours