न्यू लाईफ की निःशुल्क पीएनटी कोचिंग बनी विद्यार्थियों के सपनों की संबल
63 छात्र-छात्राओं ने प्राप्त किया मार्गदर्शन, प्री नर्सिंग टेस्ट के लिए आत्मविश्वास के साथ हुए तैयार
बैकुंठपुर।
शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में सतत् जनकल्याणकारी कार्यों के लिए समर्पित न्यू लाईफ हेल्थ एण्ड एजुकेशन सोसायटी द्वारा संचालित न्यू लाईफ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, बैकुंठपुर ने इस वर्ष एक सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल करते हुए प्री नर्सिंग टेस्ट (पीएनटी) की निःशुल्क कोचिंग का आयोजन किया। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को लक्ष्य बनाकर प्रारंभ किया गया यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम 13 अप्रैल से 06 जून तक सफलतापूर्वक संचालित किया गया।

इस निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम में बारहवीं जीव विज्ञान संकाय के कुल 63 छात्र-छात्राओं ने उत्साह, लगन और अनुशासन के साथ सहभागिता निभाई। प्रशिक्षण के दौरान छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप सभी विषयों का गहन अध्ययन कराया गया। अनुभवी एवं दक्ष शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को विषयगत ज्ञान के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के महत्वपूर्ण पहलुओं से भी अवगत कराया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास हुआ।
कोचिंग के समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने संस्था द्वारा प्रदान की गई इस निःशुल्क शैक्षणिक सुविधा के प्रति हर्ष एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए न्यू लाईफ हेल्थ एण्ड एजुकेशन सोसायटी की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। विद्यार्थियों का कहना था कि आर्थिक रूप से सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिलने से उन्हें प्री नर्सिंग टेस्ट की तैयारी में अत्यंत सहायता प्राप्त हुई है।
संस्थान के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें 11 जून 2026 को आयोजित होने वाली प्री नर्सिंग टेस्ट परीक्षा के लिए शुभकामनाएँ प्रदान कीं तथा उनके सफल, समृद्ध और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को परिश्रम, धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा में सम्मिलित होने का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि इस संपूर्ण निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था के संचालक डॉ. प्रिंस जायसवाल के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नोडल अधिकारी एसोसिएट प्रोफेसर श्रीमती सुप्रिया तिवारी तथा सहायक नोडल अधिकारी एसोसिएट प्रोफेसर पूनम सिंह ने निभाई। उनके कुशल नेतृत्व, समर्पण और सतत् प्रयासों के परिणामस्वरूप यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ।
न्यू लाईफ हेल्थ एण्ड एजुकेशन सोसायटी की यह पहल न केवल विद्यार्थियों को उनके लक्ष्य तक पहुँचाने में सहायक सिद्ध हुई है, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता, सेवा-भाव और मानव संसाधन विकास के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को भी सशक्त रूप से अभिव्यक्त करती है। शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे प्रयास निश्चित रूप से युवाओं के भविष्य को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करने वाले हैं।




+ There are no comments
Add yours