योग से स्वस्थ तन, शांत मन और सुखी जीवन का निर्माण संभव-रामविचार नेताम

Estimated read time 1 min read

योग से स्वस्थ तन, शांत मन और सुखी जीवन का निर्माण संभव-रामविचार नेताम

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बैकुंठपुर में हुआ भव्य सामूहिक योगाभ्यास

बैकुंठपुर ।

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित मानस भवन में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योगा फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ आयु के लिए योग) थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कृषि एवं अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने योग के विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास कर लोगों को नियमित योग अपनाने का संदेश दिया।

योग भारत की अमूल्य धरोहर, इसे जीवन का हिस्सा बनाएं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने जिलेवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि योग और प्राणायाम भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि-मुनियों की महान देन है, जिसका अनुसरण आज पूरा विश्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि योग मानव जीवन को स्वस्थ, निरोगी और संतुलित बनाए रखने का सबसे सरल माध्यम है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली जीवनशैली है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने स्वास्थ्य के लिए निकाले तो वह जीवनभर निरोग और ऊर्जावान रह सकता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने योग को विश्व पटल पर स्थापित किया

मंत्री श्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज पूरी दुनिया योग के महत्व को समझ रही है और इसे अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि योग मानसिक तनाव को दूर करने, सकारात्मक सोच विकसित करने और जीवन में संतुलन स्थापित करने का सबसे प्रभावी उपाय है। बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के दौर में योग की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।

बचपन से योग की आदत विकसित करने पर जोर

मंत्री श्री नेताम ने कहा कि बच्चों को बचपन से ही योगाभ्यास की आदत डालनी चाहिए। इससे उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर होता है तथा जीवनभर स्वस्थ रहने की मजबूत नींव तैयार होती है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को योग के लाभों से परिचित कराने का आग्रह किया।

योग को जन-जन तक पहुंचाने का है सामूहिक प्रयास

कार्यक्रम में बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने कहा कि योग हजारों वर्षों पुरानी भारतीय परंपरा है, जिसे हमारे ऋषि-मुनियों ने मानव कल्याण के लिए विकसित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन थोड़े समय का योगाभ्यास भी व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रख सकता है। उन्होंने लोगों से अपने घरों में नियमित योग करने की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती बीमारियों से बचाव के लिए योग सबसे प्रभावी उपाय है।

योग जीवन को नई दिशा देता है- कलेक्टर

कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कहा कि योग जीवन को नई दिशा देने वाला अनुशासन है। यह न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और कार्यक्षमता में भी वृद्धि करता है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिलेवासियों से प्रतिदिन 40 से 50 मिनट योगाभ्यास के लिए समय निकालने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की सशक्त जीवनशैली है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours