फिर मेहरबान मानसून, अगले 72 घंटे भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
बैकुंठपुर।
उत्तर छत्तीसगढ़ में सक्रिय मौसम तंत्र के चलते अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कोरिया में भारी बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। जिससे इलाके में उमस से राहत मिलने के आसार हैं। कोरिया़ में कुछ दिनों की उमस के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश समेत जिले के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान जताया है। कई जिलों में भारी बारिश, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 8 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं। पिछले दिनों से बैकुंठपुर समेत कई जिले में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। हालांकि अब बारिश की गतिविधियां बढ़ने से मौसम में बदलाव और तापमान में गिरावट की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक बैकुंठपुर समेत पुरे कोरिया जिले में गुरुवार को दिनभर बारिश होती रहेगी। पुरे क्षेत्र में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। गुरुवार को बैकुंठपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के रहा।
तीन मौसम तंत्र बने बारिश की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में तीन प्रमुख मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। मॉनसून द्रोणिका अनूपगढ़, दिल्ली, शाहजहांपुर, बस्ती, छपरा होते हुए नागालैंड तक फैली हुई है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बिहार और आंध्र प्रदेश से लगे बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
आगे 3 दिन होगी झमाझम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिनों तक कोरिया़ के अधिकांश हिस्सों में जोरदार बारिश देखी जाएगी। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुली जगहों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की है।
चेतावनी के बीच जोरदार बारिश का दौर शुरु
मौसम विभाग ने 6 अगस्त से को सरगुजा, जशपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, जिलों के अलग-अलग जिलों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून के सक्रिय बने रहने के कारण अगले तीन से चार दिन तक जोरदार बारिश का दौर जारी रहेगा। गुरुवार को जिले के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं सोनहत में बुद्धवार की रात से ही भारी बारिश जारी है।


+ There are no comments
Add yours