कोरिया में सड़क विकास को गति…….बैकुंठपुर-चोटिया मार्ग के लिए 20.41 करोड़ स्वीकृत
12.80 किलोमीटर सड़क का दो लेन एवं पक्के शोल्डर सहित होगा निर्माण, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
बैकुंठपुर।
कोरिया जिले में सड़क अधोसंरचना के विकास की दिशा में बैकुंठपुर से चोटिया मार्ग के निर्माण के लिए राज्य शासन ने 20 करोड़ 41 लाख 61 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से 12.80 किलोमीटर लंबी सड़क का दो लेन एवं पेव्ड शोल्डर अर्थात सड़क के दोनों ओर पक्के किनारों सहित निर्माण किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने 21 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया है। यह कार्य वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल है। वित्त विभाग की सहमति के आधार पर निर्माण कार्य को निर्धारित शर्तों के साथ मंजूरी दी गई है।
बैकुंठपुर-चोटिया मार्ग के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। दो लेन सड़क और पक्के किनारे बनने से वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी।
आदेश के अनुसार, सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने के बाद ही निविदा आमंत्रित की जाएगी। निर्माण की ड्राइंग एवं डिजाइन का अनुमोदन कराना भी आवश्यक होगा। निविदा की कार्रवाई के लिए कम से कम 90 प्रतिशत बाधारहित भूमि उपलब्ध होना अनिवार्य किया गया है। साथ ही निविदा प्रक्रिया में निष्पक्षता, पारदर्शिता और पर्याप्त प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
शासन ने निर्माण सामग्री और संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है। किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी मिलने पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्य को अनुबंध में निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा अनावश्यक समय-वृद्धि नहीं देने के निर्देश भी दिए गए हैं।निर्माण पर व्यय उपलब्ध बजट आवंटन की सीमा में ही किया जाएगा।




+ There are no comments
Add yours