भाजपा चुनाव विधि और विधि प्रकोष्ठ ने तथ्यों के साथ जिलाधीश व एसपी को पत्र सौंपकर बताया कोविड अधिनियम के उल्लंघन का दोषी
तहकीकात न्यूज @ वेब डेस्क . रायपुर
भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी व संसद सदस्य (राज्यसभा) पीएल पुनिया पर कोविड-19 की गाइडलाइन का बेख़ौफ़ उल्लंघन करने के लिए आपराधिक मामला एफआईआर दर्ज करने की मांग कर जिलाधीश व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को एक पत्र सौंपा है। पत्र में भाजपा ने कहा है कि कोरोना पॉज़ीटिव रिपोर्ट आने के बाद भी कांग्रेस सांसद पुनिया ने विमान यात्रा कर अपने साथ ही कई अन्य लोगों के जीवन को संकट में डालने के दोषी हैं, अत: उनके ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
भाजपा चुनाव विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नरेशचंद्र गुप्ता और विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक जयप्रकाश चंद्रवंशी व सह-संयोजक बृजेशनाथ पांडेय ने सौंपे गए पत्र में कोविड-19 गाइडलाइन के प्रावधानों का विस्तार से उल्लेख कर कहा है कि कांग्रेस प्रदेश प्रभारी पुनिया ने इस अधिनियम का उल्लंघन किया है, जो संज्ञेय व ग़ैर ज़मानती अपराध की श्रेणी में आता है। पत्र में कहा गया है कि 09 अक्टूबर को राजनीतिक प्रवास पर राजधानी पहुँचे कांग्रेस सांसद पुनिया ने स्वास्थ्य ठीक नहीं होने पर कोरोना संक्रमण की जाँच हेतु सैंपल दिया था। इस सैंपल की जाँच रिपोर्ट आने से पहले ही पुनिया न केवल कांग्रेस द्वारा आहूत सार्वजनिक कार्यक्रमों के मंच पर उपस्थित हुए, जिसमें प्रदेश के अनेक मंत्रियों व लोगों ने शिरक़त की थी, बल्कि विधानसभा अध्यक्ष के निवास पर जाकर अन्य मंत्रियों के साथ दोपहर का भोजन भी किया। श्री गुप्ता, श्री चंद्रवंशी व श्री पांडेय ने कहा कि क़ायदे से अपने सैंपल की जाँच रिपोर्ट आने तक सांसद पुनिया को स्वयं को आइसोलेट करके रहना था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
जिलाधीश व एसपी को सौंपे गए पत्र में भाजपा विधिवेत्ताओं ने कहा है कि यात्रा करके आने के बाद भी कांग्रेस प्रभारी पुनिया का स्वास्थ्य विभाग द्वारा परीक्षण नहीं कराया गया। इस मामले में भी पुलिस और प्रशासन द्वारा कोविड अधिनियम का उल्लंघन होने पर कार्रवाई नहीं की गई। भाजपा नेता श्री गुप्ता, श्री चंद्रवंशी व श्री पांडेय ने पत्र में कहा है कि अगले दिन 10 अक्टूबर को कोरोना पॉज़ीटिव रिपोर्ट आने के बाद भी कांग्रेस सांसद पुनिया ने कोविड-19 गाइडलाइन का उल्लंघन किया। सोशल मीडिया में उनके कोरोना संक्रमित होने की जानकारी वायरल होने के बाद भी सांसद पुनिया ने विमान से दिल्ली तक की यात्रा की, जबकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से उन्हें अस्पताल में भर्ती या फिर होम आइसोलेट किया जाना था। लेकिन वाहन चालक, सुरक्षाकर्मी, मंत्रियों व विस अध्यक्ष समेत अनेक कार्यकर्ताओं का जीवन संकट में डालने वाले पुनिया ने विमान से दिल्ली जाकर एयरपोर्ट के कर्मचारियों को भी संकट में डालकर आपराधिक श्रेणी का कृत्य किया है। भाजपा नेताओं ने सांसद व प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पुनिया के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।

+ There are no comments
Add yours