राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने जिले के दो शिक्षको परवीन किया सम्मानित

Estimated read time 1 min read

राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान पुरस्कार का वर्चुअल आयोजन

Baikunthpur @ Tahkikat News

राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में राज्यपाल अनुसुईया उइके तथा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार 2020 हेतु चयनित 3 शिक्षकों और राज्य शिक्षक पुरस्कार 2019 के लिए चयनित 47 शिक्षकों का सम्मान किया। वर्चुअल रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में कोरिया जिले के दो शिक्षकों परवीन बानो एवं जयप्रकाश साहू को भी राज्य शिक्षक पुरस्कार 2019 से सम्मानित किया गया। कलेक्टर श्री श्याम धावड़े ने एनआईसी कक्ष में शिक्षकों को श्रीफल, शाल एवं प्रशस्ति पत्र सहित 21 हजार रूपए की राशि चेक प्रदाय किया। परवीन बानो, सहायक शिक्षक(एलबी) प्राथमिक शाला आजाद नगर पूटा तथा श्री साहू प्राथमिक शाला महुआपारा में शिक्षण का कार्य कर रहे हैं। कलेक्टर श्री धावड़े ने शिक्षक द्वय को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
समारोह की मुख्य अतिथि राज्यपाल सुश्री उइके ने अपने उद्बोधन में शिक्षकों को हमारे मार्गदर्शक और हमारे व्यक्तित्व के निर्माता बताया। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष से पूरा विश्व कोरोना से जूझ रहा हैं, परंतु शिक्षकों ने इस नए मोर्चे पर भी ऑनलाइन शिक्षण के जरिए पूरी काबिलियत और मेहनत के साथ शिक्षा के मुहिम को जारी रखा। शिक्षकों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ शिक्षण की निरंतरता में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमारे ’गढ़बो नवा छत्तीसगढ़’ में अपनी परम्पराओं का सम्मान और शिक्षा का सर्वोच्च स्थान है। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न स्वर्गीय डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन और डॉ.एपीजे अब्दुल कलाम जैसे महान शिक्षक हम सभी के लिए प्रेरणा का स्त्रोत हैं। मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के विषम काल में शिक्षा की बागडोर थामे रखने के लिए शिक्षक साथियों का आभार व्यक्त किया। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने शिक्षक सम्मान के अवसर पर देश के पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने शिक्षकों से आव्हान किया कि सभी छात्र-छात्राओं को ऐसी शिक्षा प्रदान करें, जिससे उनमें जीवन मूल्यों का विकास हो सके।


शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम द्वारा कार्यक्रम में वर्ष 2020 में राज्य शिक्षक सम्मान पुरस्कार के लिए चयनित 54 शिक्षकों के नामों की घोषणा की गई। इसमें जिले से शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला लालपुर की प्राचार्य सुदीप्ता शर्मा एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पोड़ीडीह की प्रधानपाठक मटिल्डा टोप्पो शामिल हैं। समारोह में कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ कमलप्रीत सिंह और राज्यपाल के सचिव अमृत खलको उपस्थित थे। जिले से जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुप्ता, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा अजय मिश्रा, सहायक कार्यक्रम समन्वयक राजकुमार चाफेकर तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी एनआईसी कक्ष में उपस्थित रहे।

as

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours