आयुष्मान वय वंदना कार्ड….70 वर्ष और उससे अधिक आयु के नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य सुरक्षा
बैकुंठपुर
राज्य सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक विशेष सुविधा प्रदान की जा रही है। आयुष्मान वय वंदना कार्ड के माध्यम से 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को व्यक्तिगत 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह सुविधा उनके परिवार के आयुष्मान कार्ड से अलग है, जो उन्हें व्यक्तिगत तौर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में सक्षम बनाती है।
आयुष्मान कार्ड से प्राप्त सुविधाएं
आयुष्मान कार्ड के तहत बीपीएल परिवारों को 5 लाख रुपये तक और एपीएल परिवारों को 50 हजार रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा सरकारी और निजी अस्पतालों में मिलती है। परंतु यदि परिवार में 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक हैं, तो उनका वय वंदना कार्ड बनवाकर उन्हें अतिरिक्त 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधाएं अलग से प्रदान की जाती हैं।
इस तरह मिलेगा लाभ
अगर किसी बीपीएल परिवार के 8 सदस्य हैं, और सभी ने आयुष्मान कार्ड बनवाया है, तो उस परिवार को 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा प्राप्त होगी। परंतु, यदि उसी परिवार में 2 सदस्य 70 वर्ष से अधिक आयु के हैं, तो उनका वय वंदना कार्ड बनवाना आवश्यक होगा, जिससे उन्हें व्यक्तिगत 5-5 लाख रुपये तक का अतिरिक्त इलाज मिल सकेगा।
आवश्यक दस्तावेज और प्रक्रिया
वय वंदना कार्ड बनवाने के लिए सिर्फ आधार कार्ड की आवश्यकता होगी। यह कार्ड किसी भी सरकारी अस्पताल या च्वाईस सेंटरों में मुफ्त में बनवाया जा सकता है। यह आधार नंबर आधारित योजना है, जिसमें केवाईसी के लिए राशन कार्ड की आवश्यकता नहीं होगी। यदि पहले से आयुष्मान कार्ड बना हुआ है, तो वय वंदना कार्ड के लिए ई-केवाईसी करना जरूरी होगा। वय वंदना कार्ड मोबाइल ऐप या पोर्टल के माध्यम से आधार लिंक मोबाइल ओटीपी, बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट, या फेस ऑथेंटिकेशन द्वारा बनाया जाता है।
राज्य में कोरिया दूसरे स्थान पर
कोरिया जिले में वय वंदना कार्ड की स्थिति मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 9395 पात्र हितग्राहियों का वय वंदना कार्ड बनाया जाना है, जिसमें से अब तक 5699 हितग्राहियों (60.7 प्रतिशत) का कार्ड बन चुका है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ प्रशांत सिंह ने लोगों से अपील की है कि अपने क्षेत्रीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर अपना आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवाकर इस योजना से लाभान्वित हों ।


+ There are no comments
Add yours