गाइडलाइन की दरों का विरोध कर रहे कांग्रेस ने बैकुंठपुर में जलाया मुख्यमंत्री का पुतला
सरकार ने अतार्किक और मनमाने ढंग से जमीन की दरें बढ़ाया-कांग्रेस
बैकुंठपुर।
जमीन की गाईडलाईन दरों में की गई बेतहाशा बढ़ोतरी का विरोध कर रहे व्यापारियों की मांगो और उनके आंदोलन का कांग्रेस समर्थन करती है। कोरिया कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि सरकार ने अतार्किक तरीके से मनमाने ढंग, जमीनों की नई गाईडलाईन दर का निर्धारण किया है। इससे पूरे प्रदेश में असंतोष है। सरकार के इस फैसले से जमीन व्यवसायी, किसान और उद्योग लगाने वाले सभी परेशान है। कोरिया जिले में गाइडलाइन का विरोध कर रहे लोगो के द्धारा कोरिया एमसीबी के दौरे के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के काफिले को रोककर नारेबाजी किया, इस दौरान लोगो ने विरोध प्रदर्शन कर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि न किसी से चर्चा, न सुझाव, न ही दावा आपत्ति का अवसर, अचानक अनुचित फैसले थोप दिये गये। सरकार पहले भूमि के गाईडलाईन दरों में कांग्रेस सरकार के समय दिये जाने वाले 30 प्रतिशत छूट को समाप्त कर दिया। अब अचानक से जमीनों की सरकारी कीमत 10 से 100 प्रतिशत बढ़ा दिया, मतलब छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार आने के बाद भूमि की सरकारी कीमत 40 से 130 प्रतिशत बढ़ गयी, इससे जमीन व्यवसाय ठप्प हो गया।
पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला ने कहा कि ऐसा लगता है सरकार के फैसले जानबूझकर जनता को विशेषकर किसानों और रियल स्टेट से जुड़े हुये लोगों को परेशान करने के लिये, लिये गये है। सरकार के द्वारा जमीन की रजिस्ट्रियों के संबंध में, भूमि के गाईडलाईन के संबंध में सरकार के फैसले जनता के हितों के खिलाफ है। कृषि के बाद सबसे ज्यादा रोजगार रियल स्टेट सेक्टर देता है।
कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल ने कहा कि वर्तमान सरकार के निर्णय से बेरोजगारी बढ़ेगी, अर्थव्यवस्था तबाह होगी, रियल स्टेट में गिरावट आयेगी। सरकार का आर्थिक प्रबंधन फेल हो गया है। सरकार के पास अपनी योजनाओं को चलाने के लिए पैसा नहीं है इसीलिए सरकार विभिन्न मदों में टैक्स बढ़ा कर जनता पर बोझ थोप रही है। इसीलिए जमीन के गाईड लाईन के रेट बढ़ाये गये तथा बिजली के दाम बढ़ाये गये। बिजली बिल में 400 यूनिट छूट को समाप्त किया गया। अब जमीनों की रजिस्ट्री महंगी की जा रही है।
ब्लाक कां्रगेस अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि सरकार के इस अनुचित फैसले से छत्तीसगढ़ में रियल स्टेट व्यवसाय की कमर टूट जायेगी। कांग्रेस सरकार ने 5 डिसमिल से कम जमीन की रजिस्ट्री शुरू कर तथा गाईडलाईन की दर में 30 प्रतिशत छूट कर प्रदेश में रियल स्टेट सेक्टर में प्राण फूंका था, यही कारण था कि कोरोना के समय भी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था मजबूत थी। पीसी और पुतला दहन के दौरान पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मुख्तार अहमद, बैकुंठपुर ब्लाक अध्यक्ष अजय सिंह, युवा कांग्रेसी आशीष डबरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours