नेशनल हेराल्ड में फैसले से गदगद कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय का किया घेराव……भाजपा द्वारा केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को उजागर कर दिया- कांग्रेस

Estimated read time 1 min read

भाजपा द्वारा केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को उजागर कर दिया- कांग्रेस

बैकुंठपुर।

नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज एफआईआर को अदालत द्वारा रद्द किए जाने को सत्य की जीत बताते हुए आज कांग्रेस पार्टी ने बैकुंठपुर में भाजपा कार्यालय का घेराव किया। राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय से रैली के रूप में निकले कांग्रेसजनों ने भारी संख्या में सहभागिता करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि नेशनल हेराल्ड प्रकरण पूरी तरह से मोदीशाह और भाजपा की राजनीतिक साजिश थी, जिसका उद्देश्य विपक्षी नेताओं को बदनाम करना और लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाना था। अदालत के फैसले से यह स्पष्ट हो गया है कि सत्य और संविधान की जीत हुई है। इस दौरान पर जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष नजीर अजहर, जनपद अध्यक्ष उदय सिंह, राजीव गुप्ता, भूपेंद्र यादव, रामकृष्ण साहू, अविनाश पाठक, लालमन राजवाड़े, दिल बंधु यादव व सैकडो की संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

कांग्रेस का देशव्यापी प्रदर्शन

नेशनल हेराल्ड प्रकरण में अदालत के निर्णय को कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक और नैतिक जीत बताया। पार्टी का कहना है कि इस फैसले ने भाजपा द्वारा केंद्रीय एजेंसियों के कथित दुरुपयोग को उजागर कर दिया है, जिसके खिलाफ कांग्रेस सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी।

भाजपा का षड्यंत्र हुआ बेनकाब-अशोक

कांग्रेस कोषाध्यक्ष व पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में भाजपा का षड्यंत्र पूरी तरह सामने आ गया है उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र पर हमले और विपक्ष को दबाने की राजनीति के विरोध में भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया। उन्होने कहा कि एजेंसियों का दुरुपयोग कर एक दशक तक कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई, लेकिन अदालत के फैसले ने सच्चाई सामने ला दी है।

मनी लॉन्ड्रिंग का मामला नहीं-योगेश

पीसीसी सदस्य व सीनियर नेता योगेश शुक्ला ने कहा कि अदालत ने स्पष्ट कर दिया है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित किसी के खिलाफ नेशनल हेराल्ड मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का कोई मामला नहीं बनता, इसे भाजपा की राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताते हुए कांग्रेस ने सत्यमेव जयते के संकल्प को दोहराया।

डरने वाली नहीं है कांग्रेस-अजय

कांग्रेस के बैकुंठपुर ब्लाक अध्यक्ष व युवा नेता अजय सिंह ने कहा कि अदालत के फैसले ने यह साफ कर दिया है कि मोदी सरकार केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी आवाजों को कुचलने के लिए कर रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस इन हथकंडों से डरने वाली नहीं है और भारतीय संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हर लड़ाई लड़ने को तैयार है। एजेंसियों के दुरुपयोग और विपक्ष को डराने की राजनीति के खिलाफ पार्टी पूरी तरह एकजुट है बैकुंठपुर में भाजपा कार्यालय के घेराव के जरिए कांग्रेस ने यह संदेश दिया कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours