अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं का सम्मान, बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल

Estimated read time 1 min read

बैकुंठपुर।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को जिला पंचायत के ऑडिटोरियम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी ने कहा कि जिले की महिलाएं सशक्त हैं और समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली हर माह एक हजार रुपये की राशि से कई महिलाएं स्टेशनरी, किराना और सिलाई की दुकानें खोलकर स्वरोजगार कर रही हैं, वहीं कुछ महिलाएं इस राशि का उपयोग अपने बच्चों और पोते-पोतियों की पढ़ाई में कर रही हैं।

कलेक्टर ने कहा कि बचत करने का गुण महिलाओं में बचपन से ही होता है। उन्होंने बताया कि जिले की महिलाएं कोरिया मोदक लड्डू बनाकर और पोषण संगवारी के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध करा रही हैं, जिससे जन्म लेने वाले शिशुओं का स्वास्थ्य बेहतर हो सके।

उन्होंने कोरिया मिलेट्स का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं ने अपने परिश्रम और हुनर से स्वादिष्ट व स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन और नाश्ते तैयार कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि वास्तविक महिला सशक्तीकरण तब माना जाएगा जब महिलाओं को समानता के साथ निर्णय लेने का अधिकार भी मिले। हर महिला और हर बेटी को पढ़ने, लिखने और काम करने का पूरा अधिकार है।

कलेक्टर ने महिलाओं को पर्यटन क्षेत्र में भी आगे आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए टूरिस्ट गाइड के रूप में प्रशिक्षण लेकर रोजगार प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही होमस्टे के माध्यम से घर के एक कमरे को पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराकर और स्थानीय भोजन की व्यवस्था कर आर्थिक लाभ अर्जित किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान छोटी-छोटी बच्चियों ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इन बच्चों के प्रतिभा को देखकर कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा सचमुच हुनर का कोई उम्र नहीं होता, ऐसे प्रतिभाओ को मंच मिले तो परिवार व समाज का नाम रोशन करते हैं। आडिटोरियम में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए थे साथ ही निःशुल्क शुगर, बीपी, हीमोग्लोबिन की जांच के लिए स्टॉल लगाए गए थे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, जिला पंचायत सदस्य स्नेहलता उदय, सौभाग्यवती खुसरो, गीता राजवाड़े, शिवकुमारी, नगर पंचायत पटना की अध्यक्ष गायत्री सिंह, जनपद सदस्य धर्मवती राजवाड़े, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पोषण संगवारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours