ओडगी नहर टूटने से संजय नगर सहित मुख्य मार्ग हुआ जलमग्न, राहगीरों के लिए मुश्बित

Estimated read time 1 min read

बैकुंठपुर।

मंगलवार की सुबह से हो रही तेज बारिश के कारण बैकुंठपुर के संजय नगर क्षेत्र में ओडगी नहर टूटने से मुख्य मार्ग पर पानी का तेज बहाव बना हुआ है। सड़क पर लगातार जलभराव रहने से आम नागरिकों के साथ-साथ सरकारी अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।

संजय नगर का यह मार्ग जिला मुख्यालय का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी कार्यालयों तक पहुंचते हैं। इसके बावजूद सड़क पर कई दिनों से पानी भरा हुआ है और आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है। दोपहिया वाहन चालक पानी के बीच से गुजरने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।

स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक गर्ल्स हॉस्टल के आसपास है। सड़क किनारे स्थित छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को रोजाना इसी जलभराव से होकर स्कूल और कॉलेज जाना पड़ रहा है। पानी भरी सड़क पार करने के दौरान छात्राओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार उन्हें जूते-चप्पल हाथ में लेकर पानी से गुजरना पड़ता है, जिससे समय की बर्बादी के साथ पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने भी इस स्थिति पर चिंता जताई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या की मुख्य वजह ओडगी नहर का क्षतिग्रस्त होना है, जिससे लगातार पानी सड़क पर बह रहा है। यदि समय रहते नहर की मरम्मत कर दी जाती और जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाई जाती, तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभागों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।

नागरिकों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि नहर की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा सड़क से जलभराव हटाने के लिए स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लगातार बारिश के दौरान हालात और भी गंभीर हो सकते हैं तथा किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों को अब उम्मीद है कि प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करेगा, ताकि आमजन और छात्राओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours