जिले में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य शुरु…..मोबाइल की तरह रिचार्ज
बैकुंठपुर।
केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण के द्वारा सभी राज्यों में स्मार्ट डीजिटल मीटर लगाने की योजना को मूर्तरूप देते हुए उपभोक्ताओं के इलेक्ट्रानिक मीटर को बदलकर स्मार्ट मीटर लगाने की शुरूआत प्रदेश के साथ जिले में भी हो गई है। जिसमें स्मार्ट मीटर के पहले दो महीने तक इसका संचालन पोस्टपैड रहेगा और उसके पश्चात मीटर प्रिपेड कर दिया जायेगा। जिले के सीएसपीडीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि इसके क्रियान्वयन से विद्युत उपभोक्ताओं की सेवाओं में वृद्धि होगी तथा सटीक व सही रीडिंग के साथ मोबाईल पर बिजली खपत की पूरी जानकारी मिल सकेगी। इसमें बिजली रिचार्ज व बैलेंस की जानकारी मोबाईल पर ही देखा जा सकेगा। अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट प्रिपेड मीटर की मोबाईल के बैलेंस की तरह ही रिचार्ज करना होगा। उपभोक्ता जरूरत के हिसाब से रिचार्ज कर उतनी ही राशि के बिजली का इस्तेमाल कर पायेगा। इस मीटर को निःशुल्क लगाया जा रहा है तथा बैलेंस खत्म होने से पहले ही उपभोक्ताओं को मैसेज के जरिए सूचित कर दिया जायेगा। जिले के घरों में बिजली के नए स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य शुरू हो गया है।
पहले से परेशान हैं लोग
लोगो का कहना है कि, पहले ही बिजली की कटौती से परेशान हैं। अब स्मार्ट मीटर लगाकर और परेशान किया जाएगा। जानकारी मिली है कि यदि दोपहर में मीटर का पैसा खत्म हो गया तो बिजली बंद हो जाएगी। रिचार्ज करने पर दूसरे दिन ही बिजली उनके घर आएगी। इससे दोपहर और रात तक अंधेरे में रहना पड़ेगा। ठंड और बारिश में तो जैसे-तैसे समय गुजर जाएगा, लेकिन गर्मी में बुरा हाल हो जाएगा।
किसानों को होगी परेशानी
कोरिया जिले में 80 फीसद से अधिक गरिब किसान रहते हैं इन्हें पैसा धान बेचने के बाद मिलता है। कई ऐसे लोग हैं जो दो-तीन महीने 4 महीने का बिजली बिल एक साथ पटाते हैं। उनके पास पैसा धान बेचने के बाद ही आता है। इसके बाद वह इकट्ठा बिजली बिल पटा देते हैं। स्मार्ट मीटर लग जाने पर उन्हें काफी समस्या होगी। साथ ही पैसे के इंतजाम के लिए भी परेशान होना पड़ेगा।


+ There are no comments
Add yours