पीएम स्वनिधि योजना छोटे दुकानदारों के लिए वरदान
लाभ देने शिवपुर चरचा नगर पालिका में हुआ शिविर का आयोजन
बैकुंठपुर
नगरीय निकायों में पात्र हितग्राहियों का चयन कर शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने शासन के निर्देश पर बैंक अधिकारियों से समन्वय बनाकर शासन की फ्लैगशिप योजनाओं के ऋण प्रकरणों की स्वीकृति में तेजी लाने हेतु आज शुक्रवार नगर पालिका शिवपुर चरचा में शिविर का आयोजन किया गया। पीएम स्वनिधि से समृद्धि कैंप में नगर पालिका परिषद शिवपुर चरचा के अध्यक्ष अरुण जायसवाल, उपाध्यक्ष राजेश सिंह, वार्ड पार्षद व नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ ओझा और राष्ट्रीय शहरी जीविका मिशन प्रबंधक सूची पांडे और बडी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
इसी तारतम्य में नगर पालिका शिवपुर चरचा में शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को चिन्हांकित कर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं मातृत्व वंदन योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम श्रम योगी मानधन योजना, जननी सुरक्षा योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड योजना, पीएम जनधन योजना, भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक योजना का लाभ दिलाया जा रहा है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी वशिष्ठ कुमार ओझा के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद में शिविर लगाकर नागरिकों, लाभान्वित पथ विक्रेताओं एवं उनके परिवार के सदस्यों का सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण कर पात्रतानुसार शासन की अन्य महत्त्वपूर्ण योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल की जा रही है। नगर पालिका परिषद द्धारा 06 से 11 जनवरी तक स्वनिधि से समृद्धि शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं एवं छोटे व्यापारियों को 50 हजार तक का सिक्युरिटी फ्री लोन दिया जा रहा है। इसमें किसी भी प्रकार की गारंटी की आवश्यकता नहीं है। नपा क्षेत्र का कोई भी निवासी पात्र नागरिक इस योजना का लाभ उठा सकता हैं। आज शिविर में लगभग 80 हितग्राही मौजूद रहे, जिसमें 26 लोगो ने आवेदन किया। जबकि शिवपुर चरचा में इस योजना के लाभार्थी 250 से अधिक होने की जानकारी दी गई। योजना के द्धारा लाखो की ऋण राशि प्रदान किया जा चुका है। इससे छोटे दुकानदारों को बहुत बड़ी आर्थिक सहायता मिल रही है।

+ There are no comments
Add yours