मोटरसाइकिल एवं ट्रैक्टर चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 10 चोरी की मोटरसाइकिलें एवं ट्रैक्टर बरामद
पटना पुलिस की बड़ी सफलता, गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
कोरिया
जिला कोरिया के थाना पटना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से सक्रिय एक अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न प्रकरणों में चोरी गई 10 मोटरसाइकिलें एवं एक महिंद्रा ट्रैक्टर बरामद किया है।
थाना पटना में दर्ज अपराध क्रमांक 149/2026, 153/2026, 158/2026, 159/2026, 157/2026 एवं अन्य प्रकरणों की विवेचना के दौरान पुलिस को लगातार वाहन चोरी की घटनाओं की सूचना प्राप्त हो रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया।
विवेचना एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी सूर्यकांत राजवाड़े को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें वाहन चोरी के संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ। आरोपी द्वारा मास्टर चाबी का उपयोग कर विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिलों की चोरी की जाती थी। चोरी के बाद वाहनों के नंबर प्लेट, पैनल, बैटरी एवं अन्य पहचान योग्य हिस्सों को बदलकर अथवा हटाकर उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में कम कीमत पर बेच दिया जाता था अथवा किराये पर चलाने के लिए दिया जाता था।

पुलिस ने आरोपी एवं उसके सहयोगियों पवन प्रजापति, गिरजा सूर्यवंशी एवं जमील अंसारी के कब्जे से विभिन्न स्थानों से चोरी की गई मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में एचएफ डीलक्स, होंडा शाइन, प्लैटिना, राइडर, यामाहा आर-15 सहित अन्य मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी सूर्यकांत राजवाड़े ने 28 मार्च 2026 की रात ग्राम कुचला निवासी तरुण कुमार सोलंकी के घर से लगभग ₹7.50 लाख कीमत का महिंद्रा ट्रैक्टर चोरी कर लिया था। उक्त ट्रैक्टर को आरोपी ने अपने रिश्तेदार ईश्वर प्रसाद, निवासी बरौल, जिला सूरजपुर के यहां छिपाकर रखा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को भी बरामद कर लिया है।
बरामद वाहन थाना पटना क्षेत्र के अलावा सूरजपुर जिले के देवनगर, भुवनेश्वरपुर, बरौल, अंबिकापुर के जोड़ा पीपल क्षेत्र एवं अन्य स्थानों से बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरोह द्वारा चोरी किए गए अन्य वाहन भी विभिन्न क्षेत्रों में छिपाकर रखे गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पूछताछ में यह तथ्य भी सामने आया है कि गिरोह के संचालन में दो विधि-विरुद्ध बालकों (नाबालिगों) का भी उपयोग किया जाता था। पुलिस द्वारा किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक कोरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश शाह चौबे एवं एसडीओपी राजेश साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पटना प्रमोद पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह, प्रधान आरक्षक सत्येन्द्र तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक डिकेश्वर , साइबर आरक्षक राघवेन्द्र पुरी, आरक्षक अमृत सरगुजा, आनंद, अजीत राजवाड़े, गुलशन, प्रदीप, संदीप, मनोज राजवाड़े, संजय सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा महिला आरक्षक क कृष्ण कांति कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक कोरिया ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, चोरी अथवा अपराध संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा अपराधियों को किसी प्रकार का संरक्षण न प्रदान करें। पुलिस द्वारा जिले में अपराध नियंत्रण एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है तथा चोरी की घटनाओं से प्रभावित वाहन स्वामियों में संतोष का माहौल है।




+ There are no comments
Add yours