मेहरबान मानसून……क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश………अगले तीन दिन झमाझम बारिश के आसार, कोरिया में येलो अलर्ट
बैकुंठपुर।
पिछले 48 घण्टो से जिले के अलग अलग क्षेत्रो में बारिश का सिलसिला दोबारा शुरू हो गया है। बैकुंठपुर समेत कई जिले में शुक्रवार सुबह से शनिवार की शाम खबरे लिखे जाने तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। जिससे मौसम सुहावना हो गया। बताया जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से कोरिया समेत पूरे छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले कुछ दिनों के ब्रेक के बाद जिले में बारिश का सिलसिला दोबारा शुरू हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ समेत कोरिया जिले के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। कई स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा के साथ तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। बैकुंठपुर में शुक्रवार के बाद शनिवार को भी दिनभर बादल छाए रहे व रुक-रुककर बारिश होती रही। जबकि रविवार को मौसम विभाग के मुताबिक शहर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों की माने तो उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बना सुचिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र फिलहाल सक्रिय है। इसके साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। अगले दो दिनों में इसके उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है, जिसका असर छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के रूप में देखने को मिलेगा।
जिले बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बस्तर संभाग और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों सहित सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को मौसम में होने वाले बदलाव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बीते 24 घंटे के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। कोरिया जिले के पटना तहसील में 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। बैकुंठपुर सहित जिले के अधिकांश स्थानों पर भी अच्छी वर्षा हुई।
क्या होता है बारिश का यलो अलर्ट
बारिश के मौसम में येलो अलर्ट का मतलब होता है कि मौसम खराब होने या सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। यह मौसम विभाग की ओर से सतर्क रहने का संकेत है, जिसका उद्देश्य लोगों और प्रशासन को किसी भी संभावित खतरे से पहले तैयार करना है। येलो अलर्ट यह चेतावनी देता है कि मौसम अचानक बदल सकता है। इसका मतलब यह है कि वर्तमान में खतरा बहुत बड़ा नहीं है, लेकिन स्थिति बिगड़ सकती है। अपडेट रहेंरू इसके जारी होने पर आपको मौसम के पूर्वानुमान और समाचारों पर नज़र रखनी चाहिए ताकि आप सही समय पर सही कदम उठा सकें। हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की स्थिति में यह अलर्ट जारी किया जाता है।


+ There are no comments
Add yours