संभाग स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी/पश्चिम भारत विज्ञान मेला में कोरिया जिले का उत्कृष्ट प्रदर्शन
कई मेधावी छात्रों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), रायपुर के सौजन्य से एवं छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, रायपुर के सहयोग से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी, पश्चिम भारत विज्ञान मेला एवं विज्ञान नाटिका प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना, तार्किक चिंतन को बढ़ावा देना तथा नवाचारी सोच को प्रोत्साहित करना है। इसी क्रम में दिनांक 13 नवंबर 2026 को शासकीय बहुद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबिकापुर में संभाग स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी, पश्चिम भारत विज्ञान मेला एवं विज्ञान नाटिका प्रतियोगिता 2026 का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में कोरिया जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया। हिंद विद्यालय चरचा की कु. जोहा अली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सेजेस बुढार के धैर्य शर्मा एवं नैतिक साहू ने तृतीय स्थान, कन्या माध्यमिक शाला चरचा की कु. जासमीन ने तृतीय स्थान, माध्यमिक शाला सारा के भूपेश कुमार ने तृतीय स्थान तथा हाई स्कूल सरडी के सौपनील राजवाड़े एवं उनके साथी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन सभी प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर कोरिया श्रीमती रोक्तिमा यादव ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की विज्ञान प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता एवं नवाचार विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं। विद्यार्थियों को अपने आसपास की समस्याओं को समझकर वैज्ञानिक सोच के माध्यम से उनके समाधान खोजने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं।
जिला शिक्षा अधिकारी कोरिया श्री जितेंद्र गुप्ता ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, मार्गदर्शक शिक्षकों के समर्पण एवं विद्यालयों में हो रही शैक्षणिक गतिविधियों का परिणाम है। विज्ञान को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखकर प्रयोग, गतिविधियों एवं नवाचारों के माध्यम से सीखने की आवश्यकता है। ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक क्षमता एवं आत्मविश्वास विकसित करती हैं। उन्होंने सभी चयनित प्रतिभागियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा की।
जिला नोडल अधिकारी श्री कमल डडसेना ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं वैज्ञानिक गतिविधियों के प्रति उनकी रुचि का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित करेंगे।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से जिले के शिक्षा एवं विज्ञान जगत में हर्ष का माहौल है। सभी चयनित विद्यार्थियों, उनके मार्गदर्शक शिक्षकों एवं संबंधित विद्यालयों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं। साथ ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने की कामना की गई।




+ There are no comments
Add yours