तहकीकात न्यूज @ वेब डेस्क . बैकुन्ठपुर
मिशन क्लीन सिटी के तहत कोरिया जिले के नगरीय निकायों में डोर टू डोर कचरा संग्रहण का कार्य निर्बाध रूप से चल रहा है। स्वच्छता दीदियों के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन के तहत इस अभियान को नगरीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों की ओर से भरपूर मदद की जा रही है लेकिन व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से समय पर निर्धारित यूजर चार्ज नहीं मिल पाने से नगरीय निकायों को व्यवस्था संचालन के लिए परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। नगरीय निकाय क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान के तहत डोर टू डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था में स्वच्छता दीदियों की भूमिका अहम है। उन्हीं के प्रयासों से कचरे को संसाधनों के रूप में परिमार्जित कर नगरीय निकायों को नई पहचान दी जा सकती है। शुरुआती चरण में शासन से योजना संचालन के लिए सहयोग दी जाती है लेकिन बाद में ऐसी व्यवस्था विकसित करनी पड़ती है जिससे स्वच्छता दीदियों के मानदेय के साथ स्वच्छ भारत मिशन के तहत यह पूरा अभियान स्ववित्तपोषित हो जाए यानी इसके लिए शासन के बजट पर आश्रित न रहना पड़े।

अपनाया गया अंबिकापुर मॉडल
अंबिकापुर मॉडल इस तर्ज पर आगे बढ़ चुका है लेकिन कोरिया जिले में अभी स्थिति नहीं बन सकी है। नगरीय निकाय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों द्वारा प्रतिमाह समय पर यूजर चार्ज का भुगतान किए जाने की स्थिति में ही व्यवस्था का संचालन बेहतर तरीके से हो सकता है। कचरा संग्रहण व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से दिन एवं रात में दो बार नियम अनुसार किया जा रहा है। व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का यूजर चार्ज ₹60 से लेकर ₹1000 तक निर्धारित है व्यवसायिक प्रतिष्ठान के आकार और वहां से निकलने वाले कचरे के आधार पर या निर्धारण किया गया है यदि व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की ओर से प्रत्येक माह निर्धारित यूजर चार्ज की याद आएगी की जाने लगी तो अंबिकापुर मॉडल कोरिया जिले के नगरीय निकायों में भी सफल हो सकता है।
व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से नही मिल रही मदद
कोरिया जिले के नगर निगम चिरमिरी के अलावा नगर पालिका बैकुंठपुर, मनेंद्रगढ़, चरचा, नगर पंचायत झागराखंड, नई लेदरी, खोंगापानी में डोर टू डोर कचरा संग्रहण का काम किया जा रहा है लेकिन यूजर चार्ज अदायगी में व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की ओर से अभी भी भरपूर मदद नहीं मिल पा रही है, जिस कारण नगरीय निकायों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बैकुन्ठपुर नपा में 2 सालो में 7 लाख से अधिक वसूली
वित्तीय वर्ष 2017 से कुछ नगरीय निकायों में डोर टू डोर कचरा संग्रहण के एवज में प्रत्येक घरों से नगरीय निकायों द्वारा ₹60 का शुल्क वसूल किया जा रहा है। जनता सहयोग कर रही है। व्यवसायियों की ओर से भी सहयोग मिले तो यह काम आसान हो सकता है। नगर पालिका बैकुंठपुर में वर्ष 2018-19 में 1.53 लाख, वर्ष 2019-20 में 3.67 लाख तथा वर्ष20-21 में 3.65 लाख यूजर शुल्क वसूल किया जा चुका है।
लगातार सहयोग की कर रहे मांग
शुल्क वसूली समस्त नगरीय निकायो में की जा रही । कोरिया जिले की सात नगरीय निकायो में वर्ष 2017 से अब तक 82.95 लाख कचरा संग्रहण शुल्क लिया गया है। वर्तमान में नगरीय निकायों के अधिकारी यूजर चार्ज वसूली के लिए लगातार लोगों से सहयोग की मांग कर रहे हैं जितना अधिक यूजर चार्ज वसूल होगा उतना सम्मानजनक मानदेय स्वच्छता दीदियों को मिल सकेगा । इसके लिए शासन के बजट पर आश्रित नहीं रहना पड़ेगा। नगरीय निकायों के अधिकारियों ने व्यवसायियों से उम्मीद की है कि वह भी यूजर चार्ज की अदायगी करेंगे।
as

+ There are no comments
Add yours