आनलाइन बैठक व आम सहमति से छात्र संघ की समिति का गठन

Estimated read time 1 min read

तहकीकात न्यूज  @  वेब डेस्क . बैकुन्ठपुर


शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय में गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन पुराछात्र सम्मिलन समारोह का आयोजन किया गया । गौरतलब है पिछले वर्ष महाविद्यालय में पुराछात्र-संघ का गठन किया गया है तथा समय-समय पर आनलाइन बैठक के माध्यम से विभिन्न गतिविधियाँ निर्धारित की गई हैं । आनलाइन बैठक में ही सभी सदस्यों की सहमति से पुरा छात्र संघ की समिति का गठन किया गया था जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सचिव तथा सहसचिव मनोनीत किये गए थे। कार्यक्रम की शुरुआत बी एस सी तृतीय वर्ष की छात्रा प्रीति पाण्डेय तथा सरिता द्वारा प्रस्तुत स्वागत-गीत के साथ हुई । इसके बाद महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ रंजना नीलिमा कच्छप ने कार्यक्रम में जुड़ी सभी पुरा छात्राओं का स्वागत किया । उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय एक परिवार की तरह है तथा पुराछात्राओं का यह सम्मलेन परिवार से दूर सदस्यों के मिलने का एक मंच है । आगे उन्होंने कहा कि मेरी हमेशा यह कोशिश रहेगी कि हम सब मिल कर इस महाविद्यालय को सफलता की नई सीढ़ियों तक ले जा सकें । महाविद्यालय की पूर्व छात्रा और पूर्व छात्र-संघ अध्यक्ष कौशर बानो ने कहा कि इस महाविद्यालय में पढ़ना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी और निश्चित ही यह एक परिवार की तरह है । यहाँ पर बिताया हुआ समय आजीवन याद रहेगा क्योंकि महाविद्यालय के वातावरण से लेकर सभी स्टाफ आपकी हर समस्या में आपके साथ होते हैं और आप कभी अकेला नहीं महसूस कर सकते । पुरा छात्र संघ की सहसचिव कल्पना सिंह गौर ने कहा कि इस मंच के माध्यम से सबसे जुड़ना निश्चित ही हमें एक नई ऊर्जा से भरने वाला है और इसके माध्यम से हम महाविद्यालय में बिठाये अपने पलों को फिर से जी सकते हैं । पुरा छात्र संघ की सचिव कु रोशनी राजवाड़े ने कहा कि यहाँ प्रवेश के पहले मैं यहाँ नहीं पढ़ना चाहती थी लेकिन अपनी दीदी के कहने से यहाँ प्रवेश लिया और फिर पूरे तीन साल की पढ़ाई के दौरान केवल 5 दिन कॉलेज से अनुपस्थित रही । उन्होंने आगे कहा कि मैंने शिक्षा से लेकर अन्य सभी कौशल भी इसी महाविद्यालय में सीखे जो आज मेरे लिए अत्यंत उपयोगी है । तारा ने कहा कि उनकी पढ़ाई बीच में छूट गई थी और जब उन्होंने इस महाविद्यालय में प्रवेश लिया तब उनकी उम्र अन्य लड़कियों से थोड़ी ज्यादा थी लेकिन महाविद्यालय के वातावरण ने कभी उन्हें यह महसूस नहीं होने दिया । स्मृति ने कहा कि भले ही वे अब इसकी छात्रा नहीं हैं लेकिन इस महाविद्यालय में सीखी हर बात आज भी उनके साथ है । कार्यक्रम की मुख्य वक्ता व पुरा छात्र संघ की उपाध्यक्ष रिचा श्रीवास्तव ने कहा कि वे अपने को गौरवान्वित महसूस करती हैं कि यहीं पढने के बाद उन्हें अतिथि शिक्षक के रूप में यहाँ पढ़ाने का मौका मिला । वे कहती हैं कि मैं आज भी इस महाविद्यालय से उतनी ही जुडी हुई हूँ जितना अध्ययन के दौरान थी द्यदूसरी मुख्य वक्ता व रेवेन्यू इंस्पेक्टर समुज्ज्वला दुबे ने कहा कि वे आज जो कुछ भी हैं इसी कॉलेज की वजह से हैं और पूरा छात्र सम्मिलन का यह मंच हम सब के लिए एक अच्छा अवसर है जिसके माध्यम से हम महाविद्यालय से जुडी यादों को भी ताजा कर सकते हैं और महाविद्यालय के विकास में अपना सहयोग भी दे सकते हैं । पूरा छात्र संघ की अध्यक्ष व लेखा अधिकारी शिखा जैन ने कहा कि कॉलेज में बिताया समय बहुत महत्वपूर्ण था और आगे हमारी कोशिश रहेगी कि हम सब मिलकर इस कालेज को बेहतर बनांने के लिए जो भी सहयोग हो सकता है वह निश्चित करें द्य उन्होंने यह भी कहा कि महाविद्यालय की जो भी छात्राएं पी एस सी की तैयारी कर रही हैं या करना चाहती हैं वे उन्हें परामर्श देने के लिए, सहयोग करने के लिए हमेशा तैयार है । इसके अतिरिक्त रागिनी कुशवाहा, नेहा साहू, इशिता तिवारी, दुर्गावती आदि बड़ी संख्या में छात्राएं जुडीं तथा उन्होंने अपने अनुभव साझा किये ।

as

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours