कलेक्टर एवं सीईओ ने मतदान दलों को मुंह मीठा कराकर किए रवाना

कोरबा लोकसभा निर्वाचन के तहत बैकुंठपुर विधानसभा एवं सोनहत (आंशिक) के मतदान केंद्रों के लिए कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह, सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर अरुण मरकाम, एसडीएम राकेश साहू व जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा मतदान दलों के वाहनों को आज शासकीय आदर्श रामानुज उच्चत्तर माध्यमिक स्कूल, बैकुंठपुर से सुबह करीब 9.10 बजे विधिवत पूजा कर, श्रीफल फोड़कर, मतदान कर्मियों को मुंह मीठा कराकर रवाना किया गया।
बैकुंठपुर विकासखण्ड में 228 एवं सोनहत (आंशिक) में 78 मतदान केंद्र बनाए गए है। कल मंगलवार 7 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक इन मतदान केंद्रों में मतदान कराया जाएगा। कलेक्टर व सीईओ सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने मतदान दलों व सुरक्षा कर्मियों को जिम्मेदारी पूर्वक निष्पक्ष, स्वतंत्र, शांतिपूर्ण मतदान कराने कहा और यात्रा मंगलमय की शुभकामनाएं दिए।

मतदान का प्रतिशत बढ़ाना प्रशासन के लिए चुनौती

क्षेत्र में पारा 41 डिग्री पर पहुॅच गया है। जिसके कारण इस बार लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत में कमी को लेकर निर्वाचन आयोग से लेकर राजनीतिक दल तक चिंतित है। आयोग द्वारा मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने के लिए तरह-तरह के जागरूकता कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। आयोग के स्वीप कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन के अधिकारी से लेकर निचले स्तर के कर्मचारी तक गांव-गांव में लगातार जागरूकता रैली निकालने से लेकर नुक्कड़ नाटक सहित कई कार्यक्रम किया ताकि मतदान के प्रतिशत को बढ़ाया जा सके। इस भीषण गर्मी के बीच मतदान के प्रतिशत को बढ़ाना प्रशासन व राजनीतिक दलों के लिए एक बड़ी चुनौती है। वर्तमान में मई महीने में जिस तरह की भीषण गर्मी पड़ रही है, उसमें मतदाताओं को घरों से निकलकर मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए प्रशासन कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। जिला प्रशासन हर हाल में पिछले लोकसभा चुनाव से इस लोकसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए पूरी ताकत से लगा दी है।

दो लाख मतदाता तय करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

कोरबा लोकसभा संसदीय सीट में तीसरे चरण का मतदान 7 मई को होना है। कोरिया जिले के बैकुंठपुर व सोनहत (आंशिक) विकासखंड के सभी मतदान केंद्रों में प्रशासन ने चुनाव को लेकर सभी तैयारियां कर ली हैं। कोरबा लोकसभा सीट में कोरबा, कोरिया, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, व मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के 8 विधानसभा क्षेत्र के 16 लाख से अधिक मतदाता भाग लेंगे। कोरिया जिले के बैकुंठपुर एवं सोनहत (आंशिक) विकासखण्ड के मतदान केन्द्रों के लिए 6 मई को मतदान अधिकारी, मतदान सामग्री के साथ 2 लाख से अधिक मतदाताओं को मतदान कराने के लिए रवाना होंगे। मंगलवार 7 मई को सुबह सात बजे मतदान शुरू हो जाएगा, जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा। कोरबा लोकसभा क्षेत्र में 16 लाख से अधिक मतदाता हैं, जबकि कोरिया जिले में 2 लाख 7 हजार 292 मतदाता हैं। महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 3 हजार 941 है, जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 3 हजार 344 और तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या 7 है।

बैकुंठपुर 278 व सोनहत (आंशिक) 28 मतदान केंद्र हैं। बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में 5 मॉडल पोलिंग स्टेशन बनाया गया है। 10 संगवारी महिला मतदान केंद्र भी तैयार की गई है। यहां पूरा स्टाफ महिलाओं का होगा। इसी तरह 5 युवा व एक दिव्यांग मतदान केन्द्र भी बनाया गया है। यहां मतदान केंद्र तक जाने के लिए रैंप व व्हील चेयर जैसी सुविधाएं होंगी।

मतदाताओं की सुविधा के लिए हर प्रबंध किए गए हैं। जिनके वोटर लिस्ट में नाम है और उन्हें मतदाता पत्र नहीं मिला है, वे कोई भी पहचान पत्र लेकर मतदान केंद्र पहुंचने पर मतदान कर सकते हैं। मतदान केंद्रों में छांव, पानी, शौचालय, कूलर-पंखे व विश्राम कक्ष आदि की व्यवस्था की गई है।

बैकुंठपुर विकासखंड में 150 तथा सोनहत (आंशिक) में 3 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी सहित सभी प्रकार की तकनीकी व्यवस्था की गई है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours