कोरबा लोकसभा क्षेत्र का परिणाम आने और ज्योत्सना महंत के दोबारा लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने जाने के उपरांत कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में बीती शाम कांग्रेस रैली, ढोल नगाड़ो संग कुमार चौक पर जमकर आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया । प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों में से मात्र कोरबा लोकसभा में ही कांग्रेस के प्रत्याशी को जीत हासिल हुई है। इस दौरान घड़ी चौक पर बैकुंठपुर के कुमार चौक पर कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की । इस दौरान भाजपा जिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, पूर्व विधायक अंबिका सिंह देव, पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, शिवपुर-चरचा नगर पालिका अध्यक्ष लालमूनि यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल, वरिष्ठ नेता मुख्तार अहमद व गणेश राजवाडे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष वेदांती तिवारी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, भूपेन्द्र यादव, राम कृष्ण साहू सहित सैकड़ो की तादाद में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


लोकसभा चुनाव के परिणाम देशभर में कांग्रेस के लिए भले ही उत्साहवर्द्धक हों, लेकिन छत्तीसगढ में नतीजे मनमाफिक नही रहे हैं। कांग्रेस कोरिया के जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में भले ही कांग्रेस को आशातीत परिणाम नहीं मिले, लेकिन पार्टी ने पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तुलना में अच्छा प्रदर्शन किया है। पार्टी के मत प्रतिशत में वृद्धि हुई है।

पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला ने कहा कि पार्टी लोकसभा चुनाव में मिले जनादेश का स्वागत करती है और देश की प्रबुद्ध जनता का आभार प्रकट करती है। पूरे चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं उनकी पार्टी के नेता 10 वर्ष के कार्यकाल में कोई भी विकास का कार्य नहीं गिना पाए और लगातार जनता को भ्रमित करने वाली भाषणबाजी करते रहे।


शिवपुर-चरचा नगर पालिका अध्यक्ष लालमूनि यादव ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के ढोल पीटे गए, लेकिन न्यूनतम समर्थन मूल्य उचित देने को कदम नहीं उठाए। देश के अन्नदाता किसानों को रोकने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार ने सड़कों पर कीलें बिछाईं, जिसका जवाब जनता ने प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा को दिया है।


पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल ने कहा कि भाजपा के नेता चुनाव प्रचार में मंदिर, मस्जिद, मुस्लिम, मछली, मंगलसूत्र, मुजरे पर तो खूब बोले परंतु मणिपुर पर बोलना भूल गए। इसी का जवाब देश की जनता ने अपने जनादेश में उन्हें दिया है।

कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि भाजपा ने अपने पिछले 10 वर्ष के कार्यकाल में कोई भी ऐसा काम नहीं किया, जिस पर देश की जनता को गर्व हो। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा ने देश की जनता को जुमलेबाजी से भ्रमित किया। किसानों, बेरोजगारों, महिलाओं और गरीब जनता को ठगा गया।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours