ईडी के एक्शन पर सियासत हुई तेज…..योगेश बोले सब भाजपा के इशारे पर
बैकुंठपुर।
छत्तीसगढ में शराब घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व मंत्री कवासी लखमा पर शिकंजा कसकर ईडी ने सुकमा जिला कांग्रेस भवन को अटैच कर लिया है। यही नहीं, लखमा की निजी संपत्ति पर कुर्की की कार्रवाई के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। ईडी की इस कार्रवाई के बाद कोरिया कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। कांग्रेस भवन के सामने इकट्ठा होकर कार्यकर्ताओं ने घडी चौक पर ईडी का पुतला जलाया और जमकर नारेबाजी की। पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला का सीधा आरोप है कि केंद्र में बैठी भाजपा सरकार के इशारे पर ईडी काम कर रही है।
उन्होने कहा कि कि कवासी लखमा की आवाज को दबाने की साजिश रची जा रही है। लखमा आदिवासियों के हक की लड़ाई लड़ते रहे हैं और यही कारण है कि उन्हें झूठे मामलों में फंसा कर जेल में बंद कर दिया गया है। श्री शुक्ला ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि बस्तर का जंगल अदानी समूह को बेचा जा रहा है और जो भी इस सौदे के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे इस तरह से निशाना बनाया जा रहा है।

यही नहीं, कांग्रेस ने भाजपा के अटल सदन निर्माण पर भी सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस का कहना है कि अटल सदन के निर्माण में भी घोटाला हुआ है और उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पूरे मामले में सियासत गरमा गई है। एक ओर भाजपा इस कार्रवाई को कानून सम्मत और घोटाले की जांच का हिस्सा बता रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस इसे राजनीतिक बदले की भावना से उठाया गया कदम बता रही है।

+ There are no comments
Add yours