विश्व स्वास्थ्य दिवस पर डॉ. जीएस पैकरा बोले, स्वस्थ जीवन ही सबसे बड़ा धन
बैकुंठपुर।
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिले के प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. गौतम सिंह पैकरा ने समस्त नागरिकों को शुभकामनाएँ देते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। सेहत ही असली धन है और इसे संभालकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। डॉ. पैकरा ने अपने संदेश में कहा कि आज की तेज़ रफ्तार जिंदगी में लोग अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देते हैं, जिसका परिणाम आगे चलकर गंभीर बीमारियों के रूप में सामने आता है। उन्होंने विशेष रूप से हड्डियों और जोड़ों के स्वास्थ्य पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और सही दिनचर्या अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि आजकल युवाओं और बुजुर्गों दोनों में हड्डी संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसका मुख्य कारण शारीरिक गतिविधियों की कमी, गलत खानपान और लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठे रहना है। डॉ. पैकरा ने लोगों को सलाह दी कि रोजाना कम से कम 30 मिनट व्यायाम जरूर करें, धूप लें और कैल्शियम व विटामिन युक्त आहार का सेवन करें।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की शारीरिक समस्या को नजरअंदाज न करें और समय पर डॉक्टर से परामर्श लें। समय रहते इलाज कराने से गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है। विश्व स्वास्थ्य दिवस के इस महत्वपूर्ण अवसर पर डॉ. गौतम सिंह पैकरा ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में योगदान दें। अंत में उन्होंने सभी को विश्व स्वास्थ्य दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आइए, हम सभी मिलकर स्वस्थ और खुशहाल समाज के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाएं।




+ There are no comments
Add yours