बैकुंठपुर नपा में टेंडर प्रक्रिया ठप, 25 से अधिक कार्य अधूरे, मॉनिटरिंग पर सवाल
बैकुंठपुर।
नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार इन दिनों थम सी गई है। गत 10 अप्रैल को प्रस्तावित टेंडर खोलने की प्रक्रिया 13 दिन बीत जाने के बाद भी पूरी नहीं हो सकी है। 23 अप्रैल तक टेंडर नहीं खुल पाने से नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। जानकारी के अनुसार, शहर में 25 से अधिक निर्माण एवं मरम्मत कार्य अधूरे पड़े हुए हैं। इनमें सड़क मरम्मत, नाली निर्माण, जल संरचना सुधार और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। तय समयसीमा के काफी आगे निकल जाने के बावजूद इन कार्यों में प्रगति नहीं होने से आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर क्षेत्र के कई वार्डों में अधूरे कार्य साफ नजर आ रहे हैं, जिससे लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है। खासकर जल संरक्षण से जुड़े कुओं के मरम्मत कार्य भी अधूरे पड़े हैं। भीषण गर्मी के बीच जल संकट गहराने की आशंका बढ़ गई है, ऐसे में इन कार्यों का लंबित रहना चिंता का विषय बन गया है।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि नगर पालिका की मॉनिटरिंग व्यवस्था पूरी तरह कमजोर पड़ गई है। समय-समय पर निरीक्षण और समीक्षा नहीं होने के कारण ठेकेदारों द्वारा कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि निविदा की निर्धारित तिथि से काफी समय बीत जाने के बावजूद प्रक्रिया लंबित है, जिससे नए कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं और पुराने कार्य भी अधर में लटके हुए हैं। नगर पालिका प्रशासन की ओर से इस संबंध में अब तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।
वहीं, शहरवासियों ने शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर लंबित कार्यों को गति देने और मॉनिटरिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है। यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो शहर की मूलभूत सुविधाओं पर इसका व्यापक असर पड़ना तय माना जा रहा है।

+ There are no comments
Add yours