पेयजल आपूर्ति और प्रधानमंत्री सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करें- ज्योत्सना महंत

Estimated read time 1 min read

दिशा समिति की बैठक में केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा; बालिका सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और हसदेव उद्गम के संरक्षण पर दिए निर्देश

बैकुंठपुर।

लोकसभा क्षेत्र कोरबा की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने पेयजल आपूर्ति और प्रधानमंत्री सड़क योजना के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत के मंथन कक्ष में उनकी अध्यक्षता में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ‘दिशा’ की बैठक में जिले में संचालित केंद्रीय जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने योजनाओं के क्रियान्वयन और जिले की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण दिया।

सांसद श्रीमती महंत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में प्रधानमंत्री सड़क योजना की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों की सतत निगरानी करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने इनके सुचारु क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सांसद ने बालिका विद्यालयों में शौचालय, पेयजल और चारदीवारी जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत बताई। उन्होंने आवश्यक कार्यों के लिए एसईसीएल को प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए।

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए श्रीमती महंत ने दुर्घटनाप्रवण क्षेत्रों की पहचान कर वहां सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। भविष्य की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने तालाबों और नदियों के पुनरुद्धार तथा जल संरक्षण पर केंद्रित कार्य करने के निर्देश दिए। हसदेव नदी के मूल उद्गम को संरक्षित रखते हुए उद्गम स्थल को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा।

बैठक में कलेक्टर कोरिया ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत जल संरक्षण कार्यों, बिहान के माध्यम से महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की पहल और आवास योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए निर्माणाधीन 200 बिस्तर वाले अस्पताल का कार्य प्रगति पर है और इसे शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा। कलेक्टर ने जनजातीय कार्य मंत्रालय की योजनाओं, कृषि, खाद्य सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों की प्रगति भी प्रस्तुत की। बैठक में पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेन्द्र श्रीवास, जनपद पंचायत बैकुंठपुर अध्यक्ष उदय सिंह सहित अन्य नामित प्रतिनिधि उपस्थित रहे। और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours