Baikunthpur @ Tahkikat News
कलेक्टर श्याम धावड़े के मार्गदर्शन में 20 सितम्बर से सघन कोविड टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके लिए जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में संपन्न साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम, सीईओ जनपद पंचायत, नगरीय निकायों के अधिकारियों, एवं पंचायत के नोडल जिला स्तर अधिकारियों, वन विभाग, आयुर्वेद विभाग एवं शिक्षा विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय करते हुए शत-प्रतिशत प्रथम डोज़ टीकाकरण सम्पन्न कराने के निर्देश दिए हैं। 20 से 30 सितम्बर तक चलने वाले इस अभियान के संबंध में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि वैक्सीन की कमी नहीं होगी। कोई भी समस्या आने पर स्थानीय प्रशासन के द्वारा मदद की जाएगी।
मोबाइल टीम व डोर-टू-डोर होगा टीकाकरण
वैश्विक महामारी कोविड 19 के तीसरी लहर से सुरक्षा के लिए जिले में 20 से 30 सितंबर तक मिशन मोड पर टीकाकरण अभियान चलाने के लिए टीकाकरण केंद्र बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर मोबाइल टीम द्वारा डोर टू डोर जाने के भी निर्देश दिए। वर्तमान में जिले लगभग 1 लाख टीके उपलब्ध है।
इनको दी गई जिम्मेदारी
टीकाकरण हेतु लोगों को प्रेरित करने के लिए कलेक्टर ने जिला पंचायत सदस्यों, जनपद सदस्यों, ग्राम पंचायत सरपंच एवं सदस्यों, समाज प्रमुखों, धर्मगुरुओं की सहभागिता लेने को कहा। इसी तरह सभी राजनैतिक दलों, सामाजिक संगठनों, एनजीओ, चौम्बर ऑफ कॉमर्स, व्यापारी संगठनों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का सहयोग लेने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे प्रशासनिक अमले को टीकाकरण अभियान में शामिल होने कहा जिससे जिले में शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पूर्ण हो और कोविड 19 की तीसरी लहर से सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
अभियान के पहले दिन कलेक्टर पहुंचे सोनहत
सघन कोविड टीकाकरण अभियान के पहले दिन कलेक्टर श्याम धावड़े एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यापालन अधिकारी कुणाल दुदावत प्रशासनिक टीम के साथ विकासखण्ड सोनहत के विभिन्न गांवों में पहुंचे। कोविड टीकाकरण में मुश्किल साबित हो रहे सोनहत के लटमा, सुंदरपुर, रावतसरई, बेलाड, कछार, ओदारी, मधला, अकलासरई, भैंसवार जैसे गांवों में कलेक्टर ने स्वयं पहुंचकर लोगों को टीकाकरण कराने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से वैक्सीन के संबंध में उनकी शंकाओं और संदेहों को जाना। कलेक्टर ने उनका डर दूर करते हुए स्वयं भी टीका लगवाए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे वैक्सीन के दोनों डोज़ ले चुके हैं और पूरी तरह स्वस्थ है। उन्होंने लोगों को कोविड वैक्सीन के ज़रिए कोरोना से सुरक्षा की जानकारी दी। कलेक्टर की समझाइश के बाद लोगों ने टीकाकरण कराने की सहमति दी। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व प्रशांत कुशवाहा सहित राजस्व, स्वास्थ्य एवं वन विभाग की टीम उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री धावड़े के मार्गदर्शन में आज 20 सितम्बर से सघन कोविड टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। जिले में शत प्रतिशत टीकाकरण करने के उद्देश्य के साथ यह अभियान 30 सितम्बर तक चलेगा।
as


+ There are no comments
Add yours