नौनिहालों को प्रोटीन की खुराक, सुपोषण करने आंगनबाड़ियों में अंडा वितरण शुरू…….

Estimated read time 1 min read

Baikunthpur @ Tahkikat News

नौनिहालों को सुपोषित स्वस्थ रखने की दिशा में मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान को जिले में मजबूत करने और जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए कलेक्टर श्याम धावड़े की विशेष पहल पर आज जिले के सभी आंगनबाडी में प्रोटीन के भरपूर स्त्रोत अंडा का वितरण शुरू किया गया। ग्राम पंचायत सरभोका में माताओं और बच्चों से मुलाकात की। माताओं और उनके परिजनों को सुपोषण का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कुपोषण मुक्ति की पहल पर छत्तीसगढ़ में महात्मा गांधी की 150वीं जयंती 2 अक्टूबर 2019 से प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान की शुरुआत हुई है।

प्रदेश और कोरिया जिले को कुपोषण से मुक्ति दिलाने के लिए हम सभी को आपसी सहभागिता और जागरूकता से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि बच्चे हमारा भविष्य हैं। आंगनबाड़ी में गरम भोजन, पूरक पोषण आहार दिया जा रहा है। इसके साथ घर पर भी उनके सही पोषण और खानपान का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि अंडा उत्पादन और आपूर्ति की निरंतरता बनाये रखने के लिए जिले में स्वसहायता समूहों के द्वारा ही यह कार्य किया जाएगा। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं रेडी टू ईट बनाने वाले समूह को पूरक पोषण आहार में गुणवत्ता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

इस दौरान कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत एवं उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा सभी बच्चों को अंडा खिलाया गया और परिजनों को बच्चों को आंगनबाड़ी लाने और उनके उचित पोषण का ध्यान रखने की सलाह दी। कुपोषण मुक्त, सुपोषित कोरिया अभियान के तहत 15-15 दिनों के लिए अंडा वितरण किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष वेदांती तिवारी, सीईओ जिला पंचायत कुणाल दुदावत, सरपंच एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समस्त विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में विकासखण्ड बैकुंठपुर के ग्राम सरभोका में कुपोषण मुक्त, सुपोषित कोरिया के तहत कुपोषित बच्चों एवं उनके अभिभावकों की काउंसिलिंग करते हुये कार्यक्रम सम्पन्न किया गया।

as

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours