Baikunthpur @ Tahkikat News
कोविड संक्रमण से बचाव तथा सुरक्षा के संकल्प के साथ जिले में कोविड टीकाकरण महाअभियान के अंतर्गत जिलेवासियों ने भरोसे का टीका लगवाया। कलेक्टर कोरिया श्याम धावड़े के नेतृत्व एवं सीईओ जिला पंचायत कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में प्रशासन ने विशेष महाअभियान के माध्यम से पहले दिन में 60 हज़ार से अधिक लोगों को टीका लगाने का रिकॉर्ड बनाया।
दूसरे दिन भी पूर्व तैयारी के अनुरूप सुबह ही टीकाकरण दल द्वारा अपने गंतव्य में पहुंचकर टीकाकरण की शुरुआत की गई। जिले के नगरीय क्षेत्रों से लेकर सुदूर वनांचल के ग्रामों तक लोगों में उत्साह देखा गया। जिले के हर एक नागरिक, जनप्रतिनिधि स्वास्थ्यकर्मी एवं प्रशासन की टीम के सहयोग से टीकाकरण में रिकॉर्ड बना जिस पर कलेक्टर ने प्रत्येक जिलवासी के साथ-साथ वैक्सीनेशन कार्य में जुटे शीर्ष से लेकर मैदानी अमले के अधिकारी-कर्मचरियों को प्रोत्साहित किया। यह अभियान कल 4 दिसंबर तक जिले में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी तरह साथ मिलकर चले तो कोविड से इस लड़ाई में सफलता जरूर हासिल होगी।
सांसद, संसदीय सचिव और विधायक भी जुड़े प्रशासन से
सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, संसदीय सचिव एवं बैकुण्ठपुर विधायक अम्बिका सिंहदेव और मनेन्द्रगढ़ विधायक डॉ विनय जायसवाल भी प्रशासन की इस मुहिम से जुड़े और नागरिकों से की टीकाकरण करवाने की अपील की।
कलेक्टर व सीईओ दिनभर लेते रहे व्यवस्थाओं का जायजा-
वैक्सीनेशन महाभियान में एक ओर जहां पूरा प्रशासनिक अमला जुटा रहा, वहीं कलेक्टर व सीईओ जिला पंचायत ने पटना और नगर में वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचकर टीम का उत्साहवर्धन किया तथा लोगों से बात कर उन्हें वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया।
गांव, घर, पारा मोहल्ला पहुंचा टीकाकरण दल-
सुदूर अंचलों के गांव, पारा-मोहल्लों में घर-घर जाकर वैक्सीनेशन दल ने लोगों को टीका लगाया। सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख, पंचायतवार नोडल अधिकारी, राजस्व, नगरीय निकाय, स्वास्थ्य तथा पंचायत स्तर के कर्मचारी गांवों में स्वयं जाकर लोगों को टीका लगवाने में जुटे रहे।
as



+ There are no comments
Add yours