अवैध शराब एवं गांजा तस्करी पर इनोवा कार सहित कई वाहन राजसात
बैकुंठपुर
जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे के निर्देशानुसार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इस दिशा में पुलिस द्वारा जब्त किए गए वाहनों को राजसात कर उनकी नीलामी किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। वर्तमान में पाँच आपराधिक प्रकरणों में इस कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है, और यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों के तहत जब्त किए गए वाहन, जिनका उपयोग अवैध गतिविधियों में किया गया था, उन्हें विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत राजसात किया गया है। इनमें थाना चरचा के अपराध क्रमांक 265/20 में जब्त इनोवा कार सीजी 04 एचए 5242, थाना बैकुंठपुर में ही अपराध क्रमांक 01/2019 में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत जब्त की गई सफेद रंग की टाटा नैनो कार बिना नंबर तथा सैमसंग कंपनी का हैंडसेट भी नीलामी की प्रक्रिया में शामिल हैं।
इसके अलावा, थाना बैकुंठपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 309/2022 और 166/22 के तहत जब्त हीरो होंडा मोटरसाइकिल सीजी 16 डी 3179 तथा हीरो एक्सट्रेस मोटरसाइकिल बिना नंबर शामिल हैं। इसी तरह, थाना पटना के अपराध क्रमांक 27/2024 में जब्त बजाज सीटी 100 मोटरसाइकिल सीजी 16सी 6657 को भी नीलामी हेतु सूचीबद्ध किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कोरिया ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार के अपराधों को बढ़ावा देने वाले संसाधनों को राजसात कर नीलाम करने से अपराधियों को कड़ा संदेश जाएगा, जिले में अवैध गतिविधि स्वीकार्य नहीं होगी। इसके अलावा, आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि उनके संज्ञान में किसी भी प्रकार की अवैध तस्करी, नशीले पदार्थों का कारोबार या इस कार्य में प्रयुक्त वाहन आते हैं, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
जिला पुलिस प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि अवैध गतिविधियों के विरुद्ध यह प्रभावी कदम निरंतर जारी रहेगा और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक सभी विधिक प्रक्रियाएँ तेजी से पूरी की जाएँगी। नीलामी की प्रक्रिया पारदर्शी होगी और नियमानुसार पूरी की जाएगी। पुलिस विभाग का यह प्रयास अवैध गतिविधियों पर रोकथाम के साथ-साथ जनता में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास को और मजबूत करने का कार्य करेगा।

+ There are no comments
Add yours