भारत माता की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद से गूंजा कोरिया…ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और जवानों के शौर्य को दी सलामी

Estimated read time 1 min read

बैकुंठपुर।

जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में शनिवार को तिरंगा यात्रा के माध्यम से देशभक्ति की अनोखी तस्वीर देखने को मिली। नगर पालिक परिषद परिसर से प्रारंभ हुई यह यात्रा शासकीय आदर्श रामानुज स्कूल के मिनी स्टेडियम तक निकाली गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों से लेकर स्कूली बच्चों तक, सभी वर्गों की भागीदारी रही।

यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ के गगनभेदी नारों से पूरा शहर गूंज उठा। हाथों में तिरंगा लिए हुए जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, पत्रकारों, शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों ने देश के प्रति गहरा सम्मान और समर्पण प्रदर्शित किया।

इस अवसर पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को याद करते हुए सीमा पर तैनात भारतीय जवानों को सलामी दी गई। आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर यह स्पष्ट संदेश दिया कि कोरिया जिले की जनता देश सेवा और एकता के प्रति सदैव तत्पर है।

कार्यक्रम के दौरान स्काउट गाइड के छात्र-छात्राओं, स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों और नारों ने माहौल को अत्यधिक प्रेरणादायक बना दिया। नगर पालिका और पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस भव्य तिरंगा यात्रा ने जहां राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया, वहीं नई पीढ़ी में देशप्रेम की भावना को भी सुदृढ़ किया।

इस तिरंगा यात्रा में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नविता शिवहरे, जिला शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय दुबे सहित गणमान्य नागरिक देवेन्द्र तिवारी, शैलेष शिवहरे अनेक पार्षद, जनप्रतिनिधि, सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी व शहरवासी उपस्थित थे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours