गणतंत्र दिवस पर बैकुंठपुर विधायक करेंगे ध्वाजारोहण, लेंगे परेड की सलामी
बैकुंठपुर।
77वें गणतंत्र दिवस को जिले में उल्लासपूर्ण एवं गरिमामय ढंग से मनाया जायेगा। जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन शासकीय आदर्श रामानुज हायर सेकेंडरी स्कूल, बैकुंठपुर के मिनी स्टेडियम में किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि बैकुंठपुर विधायक भइयालाल राजवाड़े होंगे। इस अवसर पर जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी उनके साथ होंगे। मुख्य अतिथि भइयालाल राजवाडे मुख्यमंत्री का प्रदेश की जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन करेगें। इसके पश्चात जिला पुलिस बल और नगर सैना की शस्त्र टुकडिय़ों के साथ एनसीसी., स्काउट और गाइड के दलों द्वारा देशभक्ति धुनों पर कदम से कदम मिलाते हुए आकर्षक मार्च पास्ट केे साथ प्रदर्शन कर राष्ट्रीय तिरंगे और मुख्य अतिथि को सलामी दी जायेगी।
मुख्य अतिथि श्री राजवाडे मार्च पास्ट के परेड कमाण्डरो से परिचय प्राप्त करेंगे एवं नन्हें-मुन्ने स्कूली बच्चों द्वारा व्यायाम का प्रदर्शन किया जायेगा। समारोह स्थल पर देशभक्ति और लोकगीतों के रंग में रंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियां नगर के विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा दी जाएंगी। समारोह में राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित चलित विभागीय झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। अंतिम में मुख्य अतिथि समारोह के विजेता प्रतिभागियों के साथ ही जिलें में उल्लेखनीय कार्य के लिये चयनित अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित करेंगे। जिसके बाद कार्यक्रम का विधिवत समापन होगा।

+ There are no comments
Add yours