BAIKUNTHPUR @ Tahkikat News……… Develop BY ASHOK SINGH
क्षेत्र में अब सर्दी बढ गई है जबकि मौसम विभाग की माने तो आने वाले 48 घण्टो के बाद सर्दी का सितम शुरू हो जायेगा। सर्दी की ठिठुरन में घरों में रहने वालों से ज्यादा सड़क किनारे रहने वालों लोगों पर अपना असर दिखाने लगी है। सड़क पर दिन-रात काम करने वाले मजदूर, चालक और रेहड़ी लगाने वालों के साथ अंधेरा ढलते ही मुश्किल का दौर शुरू हो जाता है। ऐसे लोग शरीर को गर्म करने के लिए आसपास के लकड़ी व अन्य सामग्रियों को जलाकर अलाव की व्यवस्था तो कर रहे हैं। परंतु यह ना काफी साबित हो रहा है। लोगों का कहना है कि सरकारी स्तर पर नगर प्रशासन द्वारा प्रत्येक वर्ष किया जाने वाला अलाव की व्यवस्था किए जाते काफी देर हो जाती है। स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन से शीघ्र ही शहर के सभी मुख्य स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था करने की मांग की है।
अचानक बढ़ी ठंड ने लोगों को कंपकंपाना शुरू कर दिया है, लेकिन सरकारी तौर पर अभी तक अलाव की नहीं हुई व्यवस्था ने ठंड की सितम को और बढ़ा दिया है। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि सर्दी के दिनों में गरीबों व जरूरतमंद लोगों को सरकारी तौर पर मिलने वाले कंबल का लाभ समय पर नहीं मिल पाता है, जिससे गरीबों को बड़ी परेशानी झेलनी पड़ रही है। समाज सेवा करने वाली स्वयं सेवी संस्थाओं के लोग भी कंबल वितरण कागजों पर कर यश लूटने के चक्कर में लगे रहते हैं। सर्दी से लोगों को निजात दिलाने के लिए कोई भी संस्था व जनप्रतिनिधि अभी तक आगे आता नहीं दिखाई पड़ रहा है।
इन जगहों पर हो व्यवस्था
बढ़ती ठंड को देखते हुए शहर के घडी चौक, पुराना बस स्टैंड, फैव्वारा चौक, न्यू प्रतिक्षा बस स्टैंड, जिला अस्पताल, नई एवं पुरानी सब्जी मण्डी सहित अन्य जगहों पर रोजाना सुबह-शाम अलाव की व्यवस्था नगर पालिका परिषद और प्रशासन को सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
बीते वर्ष भी हो गई थी देर
इस बाबद स्थानीय निवासीयो का कहना है कि बीते वर्ष भी अलाव की व्यवस्था करते-करते आधे से अधिक ठंड का मौसम बीत चुका था। जिसके बाद थोड़ी बहुत जगह पर अलाव की व्यवस्था की गई थी, परंतु इस प्रकार अलाव की व्यवस्था करना नाकाफी साबित होता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द अलाव जलाने की व्यवस्था करने की मांग की है।
पखवाडे भर बाद कोहरा बनेगा आफत
अभी कोहरे का असर मौसम में भले ही हो किन्तु पखवाडे भर बाद कोहरे का असर दिखने लगेगा । विदित हो कि कोहरे की वजह से कई जगह सड़क हादसे होते हैं, ऐसे लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। सड़क पर वाहन चलाते समय गति सीमा नियंत्रण के अलावा लाइट का प्रयोग करना चाहिए। इसके अलावा रास्ता नहीं देखने पर डिपर का प्रयोग जरुर करें।
गांवों में जलने लगे अलाव
ठंड का असर ग्रामीण क्षेत्र में भी हो रहा है। जहां शाम होते ही ग्रामीण लकड़ियों का उपयोग कर अलाव जला रहे हैं। इसके अलावा घरों में गोबर के कंडे, लकड़ी जलाकर ठंड से बचने का प्रयास किया जा रहा है। शहरी क्षेत्रों में ज्यादातर घरों में रात के समय ठंड से बचने के लिए रूम हीटर का भी उपयोग किया जा रहा है।
as

+ There are no comments
Add yours