राष्ट्रहित सर्वाेपरि के भाव से कार्य करें भाजपा कार्यकर्ता – अजय जामवाल

Estimated read time 1 min read

बैकुंठपुर।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशव्यापी पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वाेपरि मानते हुए संगठन की विचारधारा, सेवा भावना और सुशासन के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त एवं संगठनात्मक रूप से सक्षम बनाना है। बैकुंठपुर स्थित निजि होटल में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख अवधेश जैन, युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, संभागीय प्रभारी अवधेश चंदेल, जिला संगठन प्रभारी ललन प्रताप सिंह, विधायक भईयालाल राजवाड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी, वर्ग प्रभारी नरेश नंदे, वर्ग नियंत्रक एवं पूर्व जिलाध्यक्षकृष्णबिहारी जायसवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल सिंह मेजर, प्रदेश सह संयोजक संजय सोनी तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ज्ञानप्रकाश दुबे सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बूथ समिति संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई – संजय सोनी

प्रदेश सह संयोजक आईटी सेल संजय सोनी ने कहा कि बूथ समिति संगठन की सबसे बुनियादी एवं निर्णायक इकाई है। एक सुदृढ़ बूथ समिति ही संगठन की मजबूती, सामाजिक पहुंच और चुनावी सफलता की आधारशिला होती है। उन्होंने ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देशवासियों के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बताया।

सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर दिया मार्गदर्शन

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ज्ञानप्रकाश दुबे ने सोशल मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक प्लेटफॉर्म की प्रकृति और दर्शक वर्ग अलग होता है। इसलिए कार्यकर्ताओं को प्लेटफॉर्म के अनुरूप सामग्री तैयार कर प्रभावी संवाद स्थापित करना चाहिए।

भारतीय जनसंघ से भाजपा तक की वैचारिक यात्रा

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल सिंह मेजर ने भारतीय जनसंघ की स्थापना और भाजपा की वैचारिक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में 21 अक्टूबर 1951 को भारतीय जनसंघ की स्थापना हुई थी। उन्होंने धारा 370 हटाने, श्रीराम मंदिर निर्माण, तीन तलाक समाप्त करने सहित अनेक ऐतिहासिक निर्णयों का उल्लेख किया।

संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान – विश्वविजय सिंह तोमर

युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराएं और गौरवशाली धरोहर हमारी पहचान होने के साथ-साथ नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत भी हैं।

एकात्म मानव दर्शन भाजपा का वैचारिक आधार – अवधेश जैन

प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख अवधेश जैन ने कहा कि भाजपा का वैचारिक अधिष्ठान एकात्म मानव दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और पंचनिष्ठा पर आधारित है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित यह दर्शन भारत को एक जीवंत सांस्कृतिक राष्ट्र के रूप में देखने की प्रेरणा देता है।

अंत्योदय और विकसित भारत का लक्ष्य

प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन ने कहा कि संगठन की कार्यपद्धति सामूहिकता, पारस्परिकता और अंत्योदय के विचार पर आधारित है। सभी लोग अपनी-अपनी भूमिका का निर्वहन करते हुए एक-दूसरे के पूरक बनें, यही विकसित भारत के निर्माण का मार्ग है।

विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा भारत – श्याम बिहारी जायसवाल

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि भारत विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं सौर ऊर्जा जैसी योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया।

प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की कार्यपद्धति, विचारधारा, सामाजिक समरसता, बूथ सशक्तिकरण, सोशल मीडिया, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और जनसेवा जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours