तहकीकात न्यूज @ वेब डेस्क . बैकुन्ठपुर
कोरोना महामारी के बीच 108 संजीवनी एक्सप्रेस की सेवा अपने नाम के अनुरूप जिलेवासियों के वरदान साबित हो ही है। संजीवनी कर्मी हर चुनौतियों के बीच पूरी निष्ठा और लगन के साथ आपातकालीन सेवा दे रहे हैं। घायलों मरीजों के साथ ही 108 की सेवा गर्भवती महिलाओं के लिए भी अत्यंत लाभकारी योजना साबित हो रही है। इसका एक ताजा उदाहरण मंगलवार को देखने को मिला जहां ईएमटी की सूझबूझ से संजीवनी एक्सप्रेस में गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार बैकुंठपुर ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम आमापारा में गर्भवती महिला देवकुमारी, पति प्यारे धनराज को प्रसव पीड़ा बढ़ने पर हॉस्पिटल ले जाने के लिए परिजनों ने 108 को सूचना दी। सूचना मिलने के महज 20 मिनट के अंदर पायलट रितेश लाल और ईएमटी राजेश्वरी कुशवाहा गांव पहुंचे। 108 की टीम गांव पहुंचकर महिला को एम्बुलेंस में शिफ्ट कर जिला अस्पताल बैकुंठपुर ले जाने के लिए रवाना हुई। 108 की टीम महिला को हॉस्पिटल ले जाने गांव से महज 5 किलोमीटर ही दूर पहुंची थी कि देवकुमारी को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी।

ईएमटी राजेश्वरी कुशवाहा ने महिला की स्थिति को देखते हुए परिजनों से बात कर एम्बुलेंस को सड़क किनारे रोक कर प्रसव कराने की प्रक्रिया शुरू की। ईएमटी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ईआरसीपी के माध्यम से डॉक्टर की सलाह लेते हुए महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। महिला ने स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। एम्बुलेंस में बच्ची की किलकारी गूंजते ही परिजन खुशी से झूम उठे। उन्होंने सुरक्षित प्रसव कराने के लिए 108 टीम का शुक्रिया अदा किया। सुरक्षित प्रसव पश्चात माँ-बेटी को जिला अस्पताल बैकुंठपुर में एडमिट कराया गया।
as

+ There are no comments
Add yours