प्रदेश असुरक्षा के माहौल में सिसक रहा और सरकार नागरिक-सुरक्षा का दायित्व भूलकर दो साल के जश्न में मशगूल : भाजपा

Estimated read time 1 min read

0 हत्या की लगातार बढ़ती वारदातों पर भाजपा प्रवक्ता सिंहदेव बरसे, कहा- गृह मंत्री का स्मार्ट पुलिसिंग का दावा सियासी जुमलेबाजी साबित हो रहा

0 मुख्यमंत्री बघेल के विधानसभा क्षेत्र से लेकर राजधानी समेत प्रदेशभर में हिंसक वारदातें लगातार घट रही हैं तो प्रदेश सरकार के मंत्री किन उपलब्धियों पर इठलाते फिर रहे?

0 प्रदेश में कांग्रेस के दो साल का शासनकाल राजस्व व पुलिस प्रशासन की शर्मनाक विफलता और अपराधों के उद्योग की शक़्ल लेने वाले कलंकित कार्यकाल के रूप में याद रखा जाएगा

तहकीकात न्यूज  @  वेब डेस्क . रायपुर     

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने प्रदेश में भू-माफियाओं के लगातार बढ़ रहे आतंक व अपराधों को लेकर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल खड़ा किया है। श्री सिंहदेव ने पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खुड़मुड़ा में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या के सनसनीखेज़ मामले के एक सप्ताह के भीतर ही राजधानी के आऊटर स्थित ग्राम बहनाकाड़ी में एक होटल संचालक प्रभात चौधरी की हत्या के मामले का ज़िक्र कर कहा कि प्रदेश सरकार को इस बात पर शर्म महसूस करनी चाहिए कि एक तरफ प्रदेश असुरक्षा के माहौल में सिसक रहा है और वह नागरिकों की सुरक्षा के अपने दायित्व को भूलकर दो साल के जश्न में मशगूल है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री सिंहदेव ने कहा कि राजधानी समेत ज़िलेभर में भू-माफियाओं द्वारा ज़मीन पर ज़बरिया कब्जा करने की वज़ह से हत्या और दीग़र अपराधों में इज़ाफ़ा हो रहा है। एक आँकड़े के मुताबिक ज़मीन विवाद के चलते प्रतिवर्ष राजधानी व रायपुर ज़िले में छह लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ रहा है। अभी हाल ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विधानसभा क्षेत्र पाटन के ग्राम खुड़मुड़ा में भी इसी हफ्ते ज़मीन विवाद के चलते एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। यह ग्राम भी राजधानी के आऊटर से जुड़ा हुआ ही माना जाता है। राजधानी के आऊटर में ज़मीन कब्जा करने के लगातार सामने आ रहे मामले प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली के साथ-साथ राजस्व व पुलिस प्रशासन की शर्मनाक विफलता के प्रमाण हैं। श्री सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शराबबंदी के मुद्दे पर किए गए छलावे ने भी अपराधों को बेतहाशा बढ़ाने का काम किया है। रायपुर ज़िले के खरोरा इलाके के ग्राम बेल्दार सिवनी में गुरु घासीदास जयंती के दिन हुई चाकूबाजी में घायल युवक ने अंतत: शनिवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शराब पीते समय हुई बहस को सुलझाने पहुँचे एक अन्य युवक इज़राइल क़ुरैशी (मृतक) पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया था।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री सिंहदेव ने कहा कि जबसे प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई है, अपराधों का ग्राफ़ तेज़ी से बढ़ा है। हाल ही बेमेतरा ज़िला के साजा थाना क्षेत्र की सूरजपुरा में पूर्व सरपंच के बेटे सोनू वर्मा व मौज़ूदा उपसरपंच राकेश पटेल द्वारा ग्राम डोंगीतराई के नीलेश राजपूत को ग्राम पंचायत के सरपंच व बेरला भाजपा मंडल अध्यक्ष बलराम पटेल की हत्या की सुपारी 08 लाख रुपए में देने के सनसनीखेज़ खुलासे के यह साफ़ हो गया है कि अब तमाम तरह के अपराध प्रदेश में उद्योग की शक़्ल अख़्तियार करते जा रहे हैं। श्री सिंहदेव ने कहा कि दो साल के जश्न मनाती प्रदेश सरकार झूठे दावे करके आत्म-मुग्ध हो रही है जबकि ज़मीनी सच यह है कि हर मोर्चे के साथ-साथ वह प्रदेश में क़ानून-व्यवस्था के मोर्चे पर भी बुरी तरह मात खा रही है। श्री सिंहदेव ने तंज कसा कि जब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अपने विधानसभा क्षेत्र पाटन के खुड़मुड़ा से लेकर राजधानी समेत प्रदेशभर में अपहरण, हत्या, बलात्कार, चाकूबाजी जैसी हिंसक वारदातें लगातार घट रही हैं तो मुख्यमंत्री और उनकी सरकार के मंत्री अपनी किन उपलब्धियों पर इठलाते फिर रहे हैं? श्री सिंहदेव ने प्रदेश के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू के स्मार्ट पुलिसिंग के दावे को भी सियासी जुमलेबाजी क़रार दिया और कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का शासनकाल अपराधों के उद्योग की शक़्ल लेने वाले कलंकित कार्यकाल के रूप में याद रखा जाएगा।

as

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours