कलेक्टर कोरिया ने बांधों एवं स्लूज गेट के निरीक्षण एवं आवश्यक मरम्मत के दिए निर्देश

Estimated read time 1 min read

तहकीकात न्यूज  @  वेब डेस्क . बैकुन्ठपुर


कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला जल उपयोगिता समिति श्याम धावड़े की अध्यक्षता में जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संसदीय सचिव एवं बैकुंठपुर विधायक अम्बिका सिंहदेव की उपस्थिति में जल जीवन मिशन अंतर्गत प्रस्तावित समूह जल प्रदाय योजना हेतु आवश्यक जल की मात्रा के आपूर्ति प्रस्तावित जल स्त्रोतों से किये जाने हेतु प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रस्तुत करने एवं जिला जल उपयोगिता समिति से अनुमोदन कराने का साथ ही जिले में सिंचाई क्षमता बढ़ाने, नहरों, जलाशयों, बांधों एवं सलूज गेट के निरीक्षण व मरम्मत, झुमका बांध के जल की गुणवत्ता जांच, एसईसीएल द्वारा झुमका बांध में फिल्टरेशन प्लांट तैयार करने तथा नगरीय निकायों में जल आवर्धन योजना के क्रियान्वयन आदि विषयों के संबंध में विस्तार से चर्चा की गयी।
बैठक में संसदीय सचिव ने मुख्य बिंदुओं के साथ ही जनसामान्य से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि कृषि कार्यों में किसानों की सुविधा को देखते हुए सिंचाई के लिए नहरों की आवश्यक मरम्मत कराये जाने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने झुमका बांध के पानी की गुणवत्ता जांच के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी से भी चर्चा की। कलेकटर श्री धावड़े ने इस संबंध में विभागों को जिले में बांधों एवं स्लूज गेट आदि के निरीक्षण व आवश्यक मरम्मत के निर्देश दिए। इसके साथ ही मनरेगा के तहत नहरों के सुधार की कार्य स्वीकृति तथा खाड़ा जलाशय बांध की मरम्मत हेतु मनरेगा एवं डीएमएफ के अभिसरण से प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्र की पेयजल की समस्याएं बैठक में रखी। इस संबंध में कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समन्वय करते हुए निराकरण के निर्देश दिए।


बैठक में कार्यपालन अभियंता जल संसाधन संभाग ने कोरिया जिले में निर्मित सिंचाई योजनाओं का जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले का सिंचाई प्रतिशत 23.86 प्रतिशत है। वर्ष 2021 में खरीफ सिंचाई हेतु 20274 हेक्टेयर लक्ष्य रखा गया है। उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं समिति के सदस्यों के द्वारा वर्ष 2021 में खरीफ सिंचाई हेतु लक्ष्य का भी अनुमोदन किया गया।
इसी तरह कार्यपालन अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत समूह जल प्रदाय योजनाएं नरकेली जल समूह प्रदाय योजना, बरदिया जल समूह प्रदाय योजना, देवाडांड़ जल समूह प्रदाय योजना, उधनापुर जल समूह प्रदाय योजना, तामडांड़ जल समूह प्रदाय योजना, लाई जल समूह प्रदाय योजना, चैनपुर जल समूह प्रदाय योजना, कटगोड़ी जल समूह प्रदाय योजना, घुटरा जल समूह प्रदाय योजना तथा खरलाधार जल समूह प्रदाय योजना के संबंध में अवगत कराया गया तथा समूह जल प्रदाय योजनाओं के लिये जल का आरक्षण हेतु उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं समिति के सदस्यों के द्वारा अनुमोदन किया गया। बैठक में नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, समिति के सदस्य तथा विभागीय अधिकारी एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित रहे।

as

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours