मौसम खुलने के साथ ही ठंड बढ़ गई है। आज रविवार को सुबह के समय भी आसमान पर धुंध छाया रहा। रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है वहीं दिन का अधिकतम तापमान बढ़ गया है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि रविवार को मौसम पूरी तरह खुल गया। सुबह धूप निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली लेकिन इसके साथ ही ठंड भी शुरू हो गई।
सुबह 10 बजे तक लोगों को ठंड का अहसास होता रहा। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। जबकि षुक्रवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस लिहाज से 48 घण्टो में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के साथ ही रात में ठंड बढ़ गई है।
रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आगामी दिनो में आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में आंशिक वृद्धि होने और रात के न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। न्यूनतम तापमान में यदि गिरावट आई तो रात में ठिठुरन और बढ़ जाएगी।
जिले में विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन
जिले में पड़ रही अत्यधिक ठंड एवं शीतलहर के कारण छात्रहित को ध्यान में रखते हुये 15 जनवरी तक के लिये जिले में संचालित होने वाले विद्यालयों के समय में परिवर्तन किए जाने के आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार दो पाली में संचालित होने वाले स्कूलों में सोमवार से शनिवार तक प्रथम पाली के लिए प्रातः 9 बजे से 12.30 बजे तक एवं द्वितीय पाली के लिए अपरान्ह 12.45 बजे से 4.15 बजे तक का समय निर्धारित किया है, वहीं एक पाली में ही संचालित होने वाली शालाओं में प्रातः 10.30 बजे से 3.30 बजे तक का समय निर्धारित किया है।
बेमौसम बारिश से सब्जियों में कीट प्रकोप की आशंका
जिले मे पिछले दिनों में बेमौसम वर्षा हुई है। जिस कारण सब्जियों में बीमारी एवं कीट के प्रकोप बढ़ गया। ऐसे में जिले के किसानों ने आलू, प्याज, टमाटर, बैगन, मिर्च, गोभी वर्गीय, पालक, मेथी, इत्यादि सब्जी की फसल खेतों में लगाई है। बेमौसम बारिश के इस मौसम में किसानों की फसल पर नुकसान की खबर है।
as

+ There are no comments
Add yours