जिला चिकित्सालय में पोषण पुनर्वास केंद्र में मानक व्यवस्था ना होने पर जताई नाराजगी
नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने पदभार ग्रहण करने के बाद विकासखण्ड बैकुण्ठपुर अंतर्गत धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। पटना धान उपार्जन केंद्र में समिति प्रबंधक से धान खरीदी एवं उठाव की जानकारी ली। समिति प्रबंधक ने बताया कि पटना में अब तक 59 हज़ार क्विंटल धान खरीदी की गई है। उपार्जन केंद्र में धान खरीदी के बाद स्टैकिंग की जाती है और बारिश से सुरक्षा के लिए तारपोलिन से स्टैक को कवर कर दिया जाता है।
कलेक्टर श्री शर्मा ने उपार्जन केंद्र में आये किसान रामप्रसाद से बात कर धान खरीदी की जानकारी ली। किसान रामप्रसाद ने बताया कि उन्होंने 80 क्विंटल धान बेचा है। कलेक्टर द्वारा राशि भुगतान के बारे में पूछे जाने पर किसान ने बताया कि पैसे निकालने में थोड़ी दिक्कत होती है। त्वरित समाधान करते हुए नोडल अधिकारी, सहकारी बैंक को बैंकों में एक-एक काउंटर बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंकों में व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए काउंटर संख्या बढ़ाएं जिससे समय की बचत हो और किसानों को लम्बी लाइन में ना लगना पड़े।
इसी तरह एक और किसान गिरदावर सिंह टेकाम से कलेक्टर ने धान खरीदी व्यवस्था पर बात की। किसान ने बताया कि 50 क्विंटल धान बेचा है। कलेक्टर ने किसान गिरदावर से भी राशि मिलने की जानकारी ली। कलेक्टर ने सरभोका उपार्जन केंद्र में भी धान खरीदी का जायजा लिया। दोनों उपार्जन केंद्रों में किसानों ने धान खरीदी व्यवस्था से संतुष्टि जताई। कलेक्टर ने डीएमओ को धान उठाव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने समिति प्रबंधकों को निर्देश दिए कि धान बेचने आये किसानों से शतप्रतिशत धान खरीदना है। धान की आद्रता और गुणवत्ता जांच लें। उन्होंने रकबा समर्पण कराने के भी निर्देश दिए।
जिला चिकित्सालय पहुंचे कलेक्टर-सीईओ, ओपीडी, एसएनसीयू, ऑपेरशन वार्ड और पोषण पुनर्वास केंद्र का किया निरीक्षण-
कलेक्टर श्री शर्मा ने आज जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, एसएनसीयू, ऑपेरशन वार्ड, एनआरसी, दवा वितरण केंद्र, डॉक्टरों की ड्यूटी चार्ट, मेल एवं फीमेल वार्ड, आयुष विंग आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएमएचओ को सुबह और शाम की अलग-अलग ओपीडी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय अंतर्गत स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। पोषण पुनर्वास केंद्र में कलेक्टर ने मानक व्यवस्था ना होने पर नाराजगी जताई और शीघ्र व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुपोषण के प्रति इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने जिला चिकित्सालय में साफ-सफाई रखने एवं चिकित्सा उपकरणों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएमएचओ और सिविल सर्जन को जिला चिकित्सालय में बेहतर प्रबंधन बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत कुणाल दुदावत, एसडीएम बैकुण्ठपुर ज्ञानेंद्र ठाकुर एवं चिकित्सालय प्रबंधन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
प्रोजेक्ट उन्नति के तहत मुर्गी एवं बकरी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
अग्रणी जिला प्रबंधक विकास कुमार गुप्ता के नेतृत्व में जिले के खड़गवा जनपद में प्रोजेक्ट उन्नति के तहत जिले के खड़गवा जनपद में मुर्गी एवं बकरी पालन का प्रशिक्षण कार्यक्रम 07 जनवरी से 16 जनवरी 2022 तक आयोजित किया गया। 16 जनवरी को समापन कार्यक्रम के साथ-साथ परीक्षा का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुर्गी एवं बकरी पालन के अतिरिक्त उनके व्यक्तित्व विकास, मनोबल को बढ़ाने हेतु नैतिक उत्थान हेतु प्रशिक्षकों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया। इसके अतिरिक्त व्यापार संचालन एवं बिजनेस सूत्र बताये गये। प्रशिक्षणार्थियों ने बहुत ही लगन से प्रशिक्षण प्राप्त किया एवं गतिविधियों के संचालन हेतु विचार व्यक्त किये ।
उक्त कार्यक्रम में पशुपालन विभाग से चिकित्सकों के द्वारा मार्गदर्शन दिया गया । कार्यक्रम के समापन के दौरान एसेसमेन्ट कन्ट्रोलर अरूण सोनी के द्वारा एसेसमेन्ट भी लिया गया। कार्यक्रम में संकाय सदस्य रानी गुप्ता ने प्रोजेक्ट उन्नति के प्रशिक्षणार्थियों को जीवन मे आगे बढ़ने हेतु अभिप्रेरित करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
कोविड-19 के कारण मृतकों के वारिसों के लिए 6 लाख रूपये की राशि मंजूर
कोविड-19 के कारण मृतकों के वारिसों के लिए 6 लाख रूपये की राशि की मंजूरी दी गई है। जिसमें तहसील मनेन्द्रगढ़ के खोंगापानी की शांति के वारिस लक्ष्मण हथगेन, झगराखाण्ड की संगीता के वारिस संजय कुमार, सिविल लाईन की बानी मंडल के वारिस मोनिका मंडल, खोंगापानी के मुमताजुद्दीन के वारिस महजबीन, दयामई भंडारी के वारिस टोटन भंडारी, रामपति चौधरी के वारिस सुनीता, गोरेलाल के वारिस सुकवरिया, अजित आचार्य के वारिस झरना आचार्य, नई लेदरी के प्रभा के वारिस अजय कुमार मसीह, इन्दु सरकार के वारिस सुप्रिया सरकार, हैदर खान के वारिस शाहेना एवं खोंगापानी की तहरीम निशा के वारिस अजमद अली अंसारी के लिए 50-50 हजार रूपये की राशि शामिल है।
as


+ There are no comments
Add yours