धान खरीदी प्रभारीयो की लापरवाही पर नोटिस जारी करने के निर्देश………..

Estimated read time 1 min read

Baikunthpur @ Tahkikat News

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सीईओ जिला पंचायत कुणाल दुदावत के साथ बुधवार को विकासखण्ड खड़गवां के उपार्जन केंद्र बंजारीडांड और उपार्जन केंद्र खड़गवां में धान खरीदी का निरीक्षण किया। धान खरीदी के अंतिम सप्ताह में कलेक्टर ने प्रशासनिक अमले और नोडल व सहायक नोडल अधिकारियों को सतर्क होकर पंजीकृत किसानों से धान खरीदी सम्पन्न कराने के निर्देश दिये हैं। इस समय कोचिये और बिचौलिए के अधिक सक्रिय होने की संभावना रहती है। उन्होंने रैंडम टोकन सत्यापन की कार्यवाही भी जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के अंतिम दिन एसडीएम या तहसीलदार और सहायक नोडल अधिकारी अपने समक्ष धान का भौतिक सत्यापन, धान की स्टैकिंग का निरीक्षण, वर्षा से सुरक्षा के लिए तारपोलिन, कैप कवर की व्यवस्था आदि का जायजा लेंगे।

लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी करने के निर्देश
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान अपने समक्ष धान का तौल करवाया। जहां निर्धारित मात्रा से अधिक पर धान खरीदी करने की लापरवाही सामने आई। कलेक्टर ने त्वरित कार्यवाही करते हुए धान खरीदी में लापरवाही बरतने पर आदिम जाति सेवा सहकारी समिति खड़गवां के प्रबंधक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में धान उपार्जन केन्द्र के अंतिम दिवस हेतु उपार्जन केन्द्र स्तरीय समस्त सहायक नोडल अधिकारी को वास्तविक कृषकों से अच्छी औसत किस्म का धान प्राप्त करने तथा कोचियों, बिचौलिया एवं अवांछित व्यक्तियों के रोकथाम एवं गहन निरीक्षण हेतु सभी नोडल अधिकारी को सुबह धान खरीदी शुरू होने से शाम जारी टोकन के अंतिम खरीदी तक उपार्जन केन्द्र में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने किसानों से की बात
बंजारीडांड धान उपार्जन केंद्र में प्रभारी से धान खरीदी एवं उठाव की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि बंजारीडांड में अब तक 28 हज़ार क्विंटल धान खरीदी की गई है। उठाव की धीमी गति देखते हुए कलेक्टर ने डीएमओ को शीघ्र उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र बंजारीडांड और खड़गवां दोनों ही जगह धान बेचने आये किसानों से बात कर धान खरीदी की जानकारी ली। खड़गवां में अब तक 27 हज़ार क्विंटल धान खरीदी की गई है जिसमें से 18 हज़ार क्विंटल तक का उठाव किया जा चुका है।

as

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours