शहर का सबसे डर्टी मोहल्ला बना बाजारपारा, प्रशासन की चेतावनी बेअसर

Estimated read time 1 min read

Baikunthpur @ Tahkikat News


शहर के हृदय स्थल में स्थित प्रमुख व्यापारिक केन्द्र बाजारपारा बैकुण्ठपुर का ही नहीं सम्पूर्ण सरगुजा संभाग का सबसे डर्टी मोहल्ला बना हुआ है। अव्यवस्थित और सड़कों पर लगी दुकानें व बजबजाती दुर्गंध फैलाती नालियां इस मोहल्ले की पहचान बन गई है और नवनिर्वाचित परिषद् इस दिशा में सुधार करने का प्रयास कर तो रही है लेकिन अभी तक कुछ खास सफलता हासिल नहीं कर सकी है। निहित स्वार्थी तत्वों की दखलंदाजी और कुछ मोहल्लेवासियों का नकारा रवैया प्रशासन की राह में प्रमुख रोड़ा बना हुआ है।


अंतिम चेतावनी देने पहुंचे अफसर

बीते दिवस बाजारपारा में प्रशासन के वरिष्ठ अफसर अंतिम चेतावनी देने पहुंचे और बार-बार मुनादी के बावजूद सड़कों से दुकान न हटाने, तिरपाल लगाकर मार्ग बाधित करने व प्रशासन का सहयोग न करने को लेकर अफसरों ने नाराजगी जताई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मुक्ता सिंह चौहान, टी.आई. अश्विनी कुमार सिंह के नेतृत्व में दल बल सहित प्रशासिक अमला मौजूद था। नगर पालिका के उपाध्यक्ष आशीष यादव, छत्तीसगढ़ चेम्बर्स ऑफ कामर्स के जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता, मोहल्ले के युवा पार्षद अंकित गुप्ता, व्यापारी संघ के अध्यक्ष संजय गुप्ता के अलावा मोहल्ले व आसपास के वरिष्ठ नागरिक व व्यापारी आदि के बीच बाजारपारा की व्यवस्था सुधारने को लेकर चर्चा हुई। सी.एम.ओ. श्रीमती चौहान व टी.आई. अश्विनी कुमार सिंह ने पूरे बाजारपारा मोहल्ले में घूमकर अव्यवस्था का जायजा लिया और व्यापारियों को सख्त निर्देश दिये कि, एक सप्ताह से ज्यादा मुनादी कराने के बावजूद निर्देशों का पालन उनके द्वारा नहीं किया गया। दोनों अफसरों ने सख्त लहजें में अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि, यदि संबंधित व्यापारी या नागरिक निर्देशों का पालन नहीं करेंगे तो प्रशासन सख्त कार्यवाही करते हुए सामान जब्त करने व जुर्माना आदि की कानूनी कार्यवाही करेगा।


अफसरों के सामने हुज्जतबाजी –

उस समय माहौल गरम हो गया जब अफसरों के सामने जब कुछ व्यापारियों व नागरिकों के बीच अतिक्रमण हटाने को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। मौके पर उपस्थित टी.आई. व सी.एम.ओ. ने लोगों को शांत रहकर सहयोग करने की समझाईश दी। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने बाहरी होने की जानकारी देते हुए बताया कि, उन्हें बाजार स्थल पर सामान रखने की सुविधा दी जाये। चेम्बर्स ऑफ कामर्स के जिलाध्यक्ष श्री गुप्ता ने बाजार में बैठने वाले व्यापारियों को सामान न छोड़ने की सलाह दी। कुछ लोगों ने कहा कि, मोहल्ले में चोर सक्रिय हैं। कई बार महुआ चोरी, किराना दुकान में चोरी व बाईक चोरी की वारदाते हो चुकी हैं। खुले में सामान पड़ा रहने से कभी भी कोई बड़ी वारदात हो सकती है।


विद्युत ट्रांसफार्मर हटाये जाने की मांग –

मोहल्ले के पार्षद अंकित गुप्ता ने पुराने कुंए के निकट व मुख्य मार्ग के पास विद्युत विभाग द्वारा स्थापित विद्युत ट्रांसफार्मर को अन्यत्र स्थापित करने की मांग उठाई और कहा कि, कई बार छोटी-मोटी दुर्घटनायें हो चुकी हैं। उक्त ट्रांसफार्मर सड़क की सतह से कुछ की उपर रखा गया है। जिसके आसपास व्यापारी बैठकर अपना व्यवसाय करते हैं। तकनीकी खामियों के चलते कई बार स्पार्किंग आदि भी होती है। जिससे बड़े हादसे की संभावना बनी रहती है।


लॉकडाउन में हुआ था जुर्माना

बाजारपारा के कुछ व्यापारियों पर लॉडाउन के दौरान प्रशासन द्वारा जुर्माने की भी कार्यवाही की गई थी इसके बावजूद संबंधित व्यापारी द्वारा दुकान के बाहर सड़क पर सामान रखने व तिरपाल आदि लगाकर मार्ग को बाधित करने की हरकतों पर विराम नहीं लगाया जा रहा, जो आने जाने वाले राहगीरों व मोहल्लेवासियों के लिये चिन्ता और आक्रोश का कारण बना हुआ है। घड़ी चौक से लेकर राम मंदिर तालाब तक दुकानों को सड़क से दूर रखने व ट्रेफिक को बाधित न करने के लिए प्रशासन द्वारा अनेकों बार संबंधित व्यापारियों को चेतावनी दी जा चुकी है लेकिन कोई असर उन पर दिखाई नहीं पड़ रहा है।


बाजारपारा को व्यवस्थित करने परिषद् कृत संकल्प-आशीष –

नगर पालिका परिषद् के नवनिर्वाचित और कांग्रेस के युवा नेता आशीष यादव ने कहा है कि, बाजारपारा मोहल्ले को व्यवस्थित करने परिषद् पूरी तरह से करिबद्ध है और हमारा पूरा प्रयास होगा कि, शीघ्रातीशीघ्र इस मोहल्ले की कई प्रमुख समस्याओं को हल कर दिया जाये। वार्ड के पार्षद अंकित गुप्ता भी इस दिशा में प्रयासशील हैं। इसके पूर्व स्थानीय नागरिकों की मांग पर लम्बे समय से जाम बजबजाती नालियों को साफ किया गया। जिसको लेकर मोहल्लेवासियों ने नपा उपाध्यक्ष पार्षद सहित नगर पालिका प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है। इस बात को लेकर भी मोहल्ले वाले उत्साहित है कि, नपा उपाध्यक्ष और स्थानीय पार्षद द्वारा कहा गया है कि, नालियों की समस्या का स्थायी समाधान किया जायेगा। इसके लिये विभाग के इंजीनियरों को कार्य योजना बनाने हेतु भी कहा गया है।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours