बैकुंठपुर।
जिलेवासी दीपावली त्योहार मनाने की तैयारियों में जुट गए है। घरों के साथ ही जहां व्यापारी वर्ग अपनी दुकानों की रंगाई पुताई और साफ सफाई में जुटे हुए है तो वहीं खरीदी का भी सिलसिला शुरू हो गया है। दुकानों पर दीपक, सजावटी सामग्री आदि बिक्री के लिए रखी गई है और लोगों द्वारा खरीदी भी की जा रही है।
इधर इस बार का दीपोत्सव 5 दिनों की बजाय 6 दिनों का रहेगा। धनतेरस कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाई जाती है। इस साल धनतेरस 29 अक्टूबर मंगलवार को मनाई जाएगी। इस दिन सोने चांदी के आभूषण और नए बर्तन खरीदने की परंपरा बरसों से चली आ रही है। धनतेरस का पर्व भगवान धन्वंतरि की जयंती के रूप में मनाया जाता है। इस दिन धन के देवता कुबेर जी के साथ ही धन की देवी मां लक्ष्मी और गणेश जी की पूजा की जाती है।
छोटी दीपावली, हनुमान जयंती, नरक चतुर्दशी
कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष चतुर्दशी तिथि को छोटी दिवाली मनाई जाती है। छोटी दिवाली इस बार 30 अक्टूबर को मनाई जाएगी। इसे नरक चतुर्दशी भी कहते हैं। इस दिन पौराणिक मान्यताओं के अनुसार हनुमान जी की जयंती भी मनाई जाती है। साथ ही इसे रूप चौदस और छोटी दीवाली भी कहते हैं। इस दिन दक्षिण दिशा में यम देवता के नाम का दीपक भी जलाया जाता है। साथ ही इस दिन हनुमानजी को बूंदी के लड्डू का भोग लगाना और चोला चढ़ाना भी बहुत शुभ माना जाता है।

+ There are no comments
Add yours