हमारी सरकार युवाओं के सपनों को उडान देने प्रतिबद्ध – भइया लाल राजवाडे
जल संसाधन विभाग परिसर में नालंदा परिसर निर्माण की तैयारी, जर्जर भवन हटाए गए
बैकुंठपुर।
जल संसाधन विभाग, बैकुंठपुर के कार्यालय परिसर में नालंदा परिसर निर्माण की दिशा में आवश्यक तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं। विभागीय परिसर में स्थित कुछ पुराने स्टोर भवन अत्यंत जर्जर, जीर्ण-शीर्ण एवं खंडहर की स्थिति में थे, जिन्हें सुरक्षा एवं विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए खाली कराया गया है। उल्लेखनीय है कि जल संसाधन विभाग परिसर में उपलब्ध खाली भूमि को जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में ही नालंदा परिसर निर्माण हेतु चयनित किया गया था। इस महत्वपूर्ण जनहितकारी परियोजना के अंतर्गत निर्माण सीमा में आने वाले जर्जर स्टोर भवनों को हटाना आवश्यक था। जर्जर भवनों में रखी विभागीय सामग्री को परिसर में ही स्थित अन्य सुरक्षित खाली भवनों में स्थानांतरित कर सुरक्षित रखवाया गया है। वहीं, खंडहर अवस्था में संचालित हो रहे अनुविभागीय अधिकारी लाईट मशीनरी, नलकूप एवं गेट उप संभाग, बैकुंठपुर के कार्यालय को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत उसी परिसर में स्थित एक अन्य खाली भवन में अस्थायी रूप से संचालित किया जा रहा है।
जल संसाधन संभाग, बैकुंठपुर के कार्यपालन अभियंता ने जानकारी दी है कि कार्यालय का विभागीय काम काज प्रभावति नहीं होगा और न ही कार्यालय को सूरजपुर शिफ्ट करने का नौबत होगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस अस्थायी व्यवस्था से कार्यालय के कार्यों पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ेगा और न ही कार्यालय को किसी अन्य स्थान अथवा जिले में स्थानांतरित किया जा रहा है। नालंदा परिसर के निर्माण से क्षेत्र में शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। प्रशासन का कहना है कि खंडहर हो चुके भवनों के स्थान पर एवं उपलब्ध खाली भूमि में नालंदा परिसर का निर्माण विकास की दृष्टि से उचित एवं आवश्यक पहल है।
युवाओं के सपनों को मिलेगी नई उडान – भइया लाल राजवाडे
पूर्व मंत्री व बैकुंठपुर विधायक भइया लाल राजवाडे ने जिले में नालंदा परिसर के बारे में कहा कि सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने सभी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सर्वसुविधायुक्त ये लाइब्रेरियां उच्च शिक्षा हासिल कर रहे तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को पढ़ाई का अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के साथ ही उत्कृष्ट अध्ययन सामग्री भी प्रदान करेंगी। राज्य के युवाओं की मेहनत को उनके इच्छित मुकाम तक पहुंचाने में नालंदा परिसर बड़ी भूमिका निभाएंगे। यहां वे पूरे फोकस, लगन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। गौरतलब हो कि श्री राजवाडे के विशेष प्रयास से ही बैकुंठपुर में नालंदा परिसर का निमार्ण संभव हो सका है।
कोरिया के युवाओ के लिए प्रतियोगी परीक्षाए होंगी आसान
जिले में नालंदा परिसर के निर्माण से युवाओं को आधुनिक सेंट्रल लाइब्रेरी और रीडिंग जोन की सुविधा मिलेगी। यह पहल शिक्षा के स्तर को बढ़ाने और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए की जा रही है। परिसर में सेंट्रल लाइब्रेरी और रीडिंग जोनरू परिसर में आधुनिक सेंट्रल लाइब्रेरी और रीडिंग जोन होगा, जिसमें ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह की अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी। यह सुविधा विशेष रूप से युवाओं को उच्च शिक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक किताबें और शांत वातावरण प्रदान करेगी। परिसर में बेहतर बैठक क्षमता (सीटिंग कैपेसिटी), कंप्यूटर लैब, वाई-फाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं होंगी। नालंदा परिसर को 24 घंटे और सातों दिन संचालित करने की योजना है, जिससे छात्र अपनी सुविधानुसार कभी भी पढ़ाई कर सकेंगे। दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों को भी बड़े शहरों के समान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और तैयारी के अवसर मिलेंगे।

+ There are no comments
Add yours