ज्वेलरी दुकानों में बुर्का, नकाब और हेलमेट पर प्रतिबंध….कोरिया के सराफा व्यापारियो ने किया स्वागत
बैकुंठपुर।
प्रदेश के छत्तीसगढ़ प्रदेश सराफा एसोसिएशन ने ज्वेलरी दुकानों में बुर्का, नकाब और हेलमेट पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। जिसका स्वागत कोरिया के सराफा व्यापारियो ने किया है। कोरिया जिले के सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष सुदीप सोनी ने कहा कि जिले के सराफा दुकानों में भी अब बुर्का, नकाब, मास्क या हेलमेट पहनकर प्रवेश नहीं मिलेगा। उन्होने बताया कि नवापारा राजिम में हाल ही में हुई लूट की घटना के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश सराफा एसोसिएशन ने सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुदीप सोनी ने बताया कि प्रदेश भर में ज्वेलरी कारोबार से जुड़ी बढ़ती आपराधिक घटनाओं और हालिया लूटकांडों को देखते हुए सराफा व्यापारियों ने सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाया है।
जिलाध्यक्ष श्री सोनी ने बताया कि हाल ही में गरियाबंद जिले के नवापारा राजिम में एक ज्वेलरी दुकान से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। इसके अलावा अंबिकापुर में बुर्का पहनकर चोरी की कोशिश और सुकमा जिले में नकाबपोश बदमाशों द्वारा करीब 13 लाख रुपये की लूट की घटना सामने आई। इन सभी मामलों में आरोपित चेहरा ढककर पहुंचे थे, जिससे पहचान में कठिनाई हुई। लगातार हो रही घटनाओं से प्रदेशभर के सराफा कारोबारियों में डर का माहौल बन गया है।
सुरक्षा कारणो से लिया निर्णय
सराफा एसोसिएशन का कहना है कि हाल के दिनों में राज्य के कई शहरो में ज्वेलरी दुकानों में हुई वारदातों में आरोपित चेहरा ढककर पहुंचे, जिससे सीसीटीवी फुटेज के बावजूद उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। इसी कारण अब खरीदारी से पहले ग्राहक को अपना चेहरा स्पष्ट करना अनिवार्य होगा। यह कदम उठाने वाला नया राज्य है। इससे पहले बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और झारखंड में भी इस तरह के नियम लागू किए जा चुके हैं।
दुकानों में पालन कराया जाएगा
जिलाध्यक्ष सुदीप सोनी ने कहा कि बुर्का, नकाब, मास्क और हेलमेट पहनकर ज्वेलरी दुकानों में प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंध का प्रदेश की सभी सोने-चांदी की दुकानों में सख्ती से पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय सराफा कारोबारियों के लिए बेहतर साबित होगा।

+ There are no comments
Add yours