कायाकल्प टीम पहुंची बैकुंठपुर जिला अस्पताल, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बैकुंठपुर।
जिला अस्पताल बैकुंठपुर में गुरुवार को कायाकल्प अभियान अंतर्गत राज्य स्तरीय टीम द्वारा अस्पताल का मूल्यांकन एवं निरीक्षण किया गया। राज्य स्तरीय टीम के जिला अस्पताल आगमन पर अस्पताल प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ द्वारा उनका स्वागत किया गया। कायाकल्प मूल्यांकन हेतु राज्य स्तरीय टीम में डॉ. टी. के. टोंडर, उप संचालक, संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. नेतराम बेक, उप संचालक, संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं आनंद साहू, कार्यक्रम प्रबंधक, एनएचएम महेश सिंह, राज्य सलाहकार, एनएचएम आसिम एक्का, संभागीय सलाहकार, एनएचएम तथा डॉ. उरया नाग एचएसओ-डब्लूएचओ रायपुर शामिल रहे।
निरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत अस्पताल की कार्यप्रणाली एवं कायाकल्प अभियान के अंतर्गत की गई तैयारियों से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण से हुई, जिसे हॉस्पिटल कंसल्टेंट द्वारा प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुतीकरण में अस्पताल में स्वच्छता एवं हाइजीन, संक्रमण नियंत्रण, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, मरीजों की सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल, शौचालय व्यवस्था, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, हरित एवं पर्यावरण अनुकूल वातावरण, अग्नि सुरक्षा, रिकॉर्ड एवं दस्तावेज संधारण तथा गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।
इसके पश्चात राज्य स्तरीय मूल्यांकन टीम द्वारा अस्पताल के विभिन्न विभागों, वार्डों एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता एवं सैनिटेशन, इंफेक्शन प्रिवेंशन एवं कंट्रोल, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाएं, दवा एवं उपकरणों का रखरखाव, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, जल एवं विद्युत व्यवस्था, अस्पताल परिसर का सौंदर्यीकरण, हरित क्षेत्र, रिकॉर्ड संधारण तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुपालन का बारीकी से अवलोकन किया गया।

कायाकल्प मूल्यांकन के दौरान जिला अस्पताल प्रबंधन द्वारा स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित एवं मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को टीम के समक्ष प्रदर्शित किया गया। अस्पताल परिसर में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण, अग्नि सुरक्षा, मरीज सुविधाओं एवं गुणवत्ता सुधार की दिशा में किए गए विभिन्न कार्यों का भी अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल, आएमओ डॉ. कार्तिकेय सिंह, बीएमओ डॉ. अनित बक्सला (पोड़ी बचरा) सहित समस्त वार्ड प्रभारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा राज्य स्तरीय मूल्यांकन टीम के निरीक्षण में आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। अस्पताल प्रबंधन एवं समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों के समन्वित प्रयास, सक्रिय सहभागिता एवं टीम भावना से कायाकल्प राज्य स्तरीय मूल्यांकन कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
ओटी और अटल लैब की सराहना
ऑपरेशन थिएटर के निरीक्षण के दौरान टीम ने वहां किए जा रहे कार्यों की सराहना की। टीम ने कहा कि ओटी में बेहतर कार्य किया जा रहा है और अधिकांश आधुनिक सर्जरी की जा रही हैं। इसके अलावा अटल लैब का भी निरीक्षण किया गया, जहां स्टाफ को बायोमेडिकल वेस्ट के उचित निस्तारण के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई और बेहतर कार्य की सराहना की गई।
मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की ली जानकारी
कायाकल्प राउंड के दौरान अस्पताल की साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, संक्रमण नियंत्रण, विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं और अस्पताल परिसर की समग्र गुणवत्ता का जायजा लिया गया। टीम ने मरीजों से भी सुविधाओं को लेकर जानकारी ली और स्टाफ से संबंधित सवाल पूछते हुए आगामी निरीक्षण के लिए जरूरी बिंदुओं की जानकारी दी।
टीम ने देखा साफ-सफाई व्यवस्था
निरीक्षण के बाद टीम ने अस्पताल अधीक्षक से कहा कि अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था काफी अच्छी है टीम ने कहा कि अस्पताल में मरीजों का भारी दबाव होने के बावजूद इस स्तर की स्वच्छता बनाए रखना सराहनीय है सभी विभागों की स्थिति संतोषजनक पाई गई। हालांकि, व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए रणनीति तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।


+ There are no comments
Add yours