धनपुर में स्कूल बस की चपेट में आने से पहली कक्षा की छात्रा की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल सोनहत की छात्रा थी मासूम, स्कूल जाते समय हुआ हादसा; जिला शिक्षा अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से की मुलाकात
बैकुंठपुर।
कोरिया जिले के सोनहत थानाक्षेत्र के धानपुर ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्कूल जाते समय एक दर्दनाक सड़क हादसे में पहली कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। मृतक बच्ची भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल, सोनहत में पहली कक्षा में अध्ययनरत थी। हादसा स्कूल जाने के दौरान हुआ और बच्ची स्कूल की बस की चपेट में आ गई। घटना के बाद बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

सड़क पार करते समय हुआ हादसा
बच्ची सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस वहां पहुंची। प्रत्यक्षदर्शी का कहना है कि बस चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और बस की टक्कर से बच्ची हादसे का शिकार हो गई। हालांकि दुर्घटना के कारण और बस चालक की जिम्मेदारी का अंतिम निर्धारण पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही किया जा सकेगा।
मां ने लगाए आरोप, जांच की मांग
हादसे के बाद मृतक छात्रा की मां ने घटना को लेकर अपना पक्ष रखा। परिवार ने हादसे की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि उनकी बच्ची पढ़ने के लिए स्कूल जा रही थी। परिवार के लिए यह हादसा बेहद पीड़ादायक है और वे चाहते हैं कि घटना की वास्तविक वजह सामने आए तथा यदि किसी की लापरवाही साबित होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
जिला शिक्षा अधिकारी पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मृतक छात्रा के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार से घटना के संबंध में जानकारी ली और इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त की। घटना के बाद अब स्कूल बसों में बच्चों की सुरक्षा और सड़क पर उनकी सुरक्षित आवाजाही को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
हादसे के बाद लोगों में आक्रोश
मासूम की मौत के बाद धानपुर क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और चालकों की सतर्कता को लेकर गंभीरता बरती जानी चाहिए। लोगों की मांग है कि हादसे की निष्पक्ष जांच हो और दुर्घटना के वास्तविक कारणों को सामने लाया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी ऐसी घटना दोबारा न हो।
कई सवालों के जवाब जांच से होंगे साफ
इस हादसे ने स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। बस की गति कितनी थी, चालक ने किस परिस्थिति में वाहन पर नियंत्रण खोया और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुईकृइन सभी बिंदुओं की जांच जरूरी है। फिलहाल मासूम की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। वहीं, क्षेत्र के लोगों की नजर अब पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर है। हादसे की वास्तविक जिम्मेदारी जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही तय होगी।

+ There are no comments
Add yours