Baikunthpur @ Tahkikat News
समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी तेजी से की जा रही है। अपनी उपज लेकर खरीदी केंद्र पहुंच रहे किसानों को अब कोरोना टीका की पर्ची दिखानी होगी। टीका की पर्ची दिखाने पर ही किसानों को उपार्जन केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। कोरिया जिले में 41 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान खरीदी की जा रही है। प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए बारदाना की उपलब्धता, तौल और खरीदी की सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नोडल अधिकारियों द्वारा नज़र रखी जा रही है। इसके साथ ही पेयजल, बैठने की व्यवस्था और बिहान समूह की महिलाओ द्वारा स्वल्पाहार के लिए स्टाल भी लगाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में कोविड-19 से सुरक्षा के लिए किसानों को जागरूक करते हुए टीकाकरण से छूटे किसानों और साथ आये साथियों और परिजनों का टीकाकरण किया जा रहा है। खण्ड चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत ने बताया कि कलेक्टर श्री धावड़े के मार्गदर्शन में कोविड 19 वैक्सिनेशन हेतु स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगायी गई है। धान उपार्जन केंद्र सोनहत में आरएचओ ममता राजवाडे एवं रणप्रताप सिंह, उपार्जन केंद्र कटगोड़ी में आरएचओ प्रिया सिंह, उपार्जन केंद्र रजौली में आरएचओ जानकी चक्रधारी एवं सामुदायिक स्वास्थय अधिकारी सत्यादीप भगत, उपार्जन केंद्र रामगढ़ में आरएचओ मानकुंवार एवं संजीव बखला की ड्यूटी लगायी गई है।
मास्क भी केंद्रों में जरूरी
उपार्जन केंद्रों में आने वाले किसानों को टीकाकरण की पर्ची के साथ मास्क लगाकर आने कहा गया है। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की दस्तक को लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। इसको लेकर ही सभी समितियों को मौखिक रूप से यह निर्देश जारी किया गया है, ताकि केंद्रों में भीड़ होने पर किसान कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रह सकें। इसके अलावा किसानों को धान की तौलाई व अन्य कार्यों में शारीरिक दूरी का पालन करने कहा जा रहा है।
किसान हो रहें परेशान
किसानो की माने तो उन्हे को बेवजह परेशान किया जा रहा है। किसान पहले ही बारदाना को लेकर परेशान हैं। अब टीकाकरण की पर्ची दिखाने पर ही खरीदी केंद्रों में प्रवेश देने का निर्देश देकर परेशान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से सुरक्षा के लिए टीकाकरण जरूरी है। ज्यादातर किसानों ने टीका लगवा भी लिया है। प्रशासन इसकी सूची बनवा लें। जो किसान टीका लगवा चुके हैं, उन्हें परेशान करना गलत है।
as


+ There are no comments
Add yours