सभी दुकानदारों, वेन्डर, ठेले, गुमटीवालों के रेन्डम सैंपलिंग और टेस्टिंग के निर्देश-
कलेक्टर कोरिया श्याम धावड़े की अध्यक्षता में कोविड-19 की तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को टेस्टिंग और कांटेक्ट ट्रेसिंग को फोकस करते हुए प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सैंपल कलेक्शन एवं टेस्टिंग कर रिपोर्टिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा हर संक्रमित मरीज के लगभग 10 संपर्क में आये लोगों की टेस्टिंग सुनिश्चित करें। शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों की जानकारी देते हुए कलेक्टर के मार्गदर्शन में सीईओ जिला पंचायत कुणाल दुदावत ने बताया कि सिवियर एक्युट रेस्पायरेटरी इल्लनेस (सारी) एवं एन्फ्लुएन्जा लाईक इल्लनेस (इलि) से प्रभावित सभी मरीजों की कोविड 19 जांच अनिवार्य रूप से की जायेगी।
जिले में अन्य राज्यों से रेल तथा सड़क मार्ग से आने वाले व्यक्तियों की जांच के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य राज्यों के साथ सीमा पर भी कोविड जांच की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसी तरह जिले के अंतर्गत संचालित सभी उद्योगों के कर्मचारियों, श्रमिकों की कोविड जांच की निगेटिव रिपोर्ट के पश्चात ही कार्यस्थल पर अनुमति होगी। इसके साथ ही उन्होंने शासन द्वारा माईक्रो कंटेनमेंट जोन के लिए निर्देशित गाईडलाईन की जानकारी दी। उन्होंने सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को कोविड उपचार हेतु समस्त उपकरण जैसे- आक्सीजन सिलेंडर, आक्सीजन कन्सन्ट्रेटर, पाईपलाईन, वेंटिलेटर, मल्टीपैरामानिटर आदि उपकरणों की क्रियाशीलता, दवाईयों की उपलब्धता का निरीक्षण कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
8 जनवरी से होगी चालानी कार्यवाही
बैठक में सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य एवं पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय करते हुए लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कोविड अनुरूप व्यवहार जैसे मास्क लगाना, सोशल डिस्टेंसिंग, हैण्डवाश और सेनिटाईजेशन के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए। 01 से 07 जनवरी तक मास्क पहनने के प्रति जागरूक करने के लिए यह अभियान चलाया जायेगा। 08 जनवरी से मास्क न पहनने वालों पर चालानी कार्यवाही शुरू की जायेगी।
सभी दुकानदारों, वेन्डर, ठेले, गुमटीवालों का होगा टेस्ट
कलेक्टर ने बैठक में सभी सीएमओ को नगरीय निकाय के अंतर्गत दुकानदारों, वेन्डर, ठेले और गुमटीवालों की रेन्डम सैंपलिंग और टेस्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टेस्टिंग में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नगरीय निकायों के अधिकारियों और खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को लोगों के साथ समन्वय करते हुए टेस्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
होम आईसोलेशन मानिटरिंग के लिए मोबाईल एप्प
होम आइसोलेशन में उपचाररत मरीजों की स्वास्थ्य मानिटरिंग और उनके स्वास्थ्य संबंधी शंकाओं के समाधान के लिए चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई जायेगी। इसके साथ ही मोबाईल एप्प शुरू करने की भी तैयारी की जा रही है। जिससे आसानी से मरीजों से संपर्क कर उनकी मानिटरिंग और शंकाओं का समाधान किया जा सके। बैठक में एसईसीएल के महाप्रबंधक, सभी एसडीएम, सीईओ जनपद पंचायत एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
as

+ There are no comments
Add yours