बिहान की महिलाएं घर-घर जाकर कर रही 11367 बच्चों कर सुपोषण…….

Estimated read time 1 min read

Baikunthpur @ Tahkikat News

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कुपोषण जैसी गंभीर समस्या को दूर करने के लिए प्रदेश में सुपोषण अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका आधार है कि बेहतर पोषण से नौनिहालों का बचपन को स्वस्थ और सुपोषित बनेगा। स्वस्थ बचपन शारीरिक और बौद्धिक विकास का आधार होगा और सर्वांगीण विकास से युवा प्रदेश और देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव बनेंगे।
कोरिया जिले में भी सुपोषण अभियान को मजबूत करने कलेक्टर के मार्गदर्शन में हमर सुपोषित कोरिया अभियान की पहल के तहत अण्डा वितरण शुरू किया गया है। जिले में नौनिहालों को कुपोषण मुक्त करने हेतु अतिरिक्त पोषण आहार के रूप में भरपूर प्रोटीन की खुराक के रूप में अण्डा खिलाया जा रहा है। प्रोटीन से भरपूर अंडे में आयरन, मिनरल और फोलिक एसिड भी मौजूद होते हैं, जो बच्चों के वजन बढ़ाने और विकास में मददगार होते हैं। अंडे की आपूर्ति बिहान के संकुल स्तरीय संगठन की महिला समूहों के माध्यम से बच्चों के घर-घर जाकर की जा रही है। इसके साथ ही परिजनों को पौष्टिक आहार के साथ ही अण्डे से लाभ की जानकारी भी दी जा रही है।

हमर सुपोषित कोरिया अभियान के तहत 11 हजार 367 बच्चों को मिला रहा प्रोटीन का आहार, महिला समूहों ने घर-घर जाकर 3 लाख 25 हजार 469 अण्डे का किया वितरण
जिले में कुपोषित बच्चों को पोषण आहार स्वरूप सप्ताह में 05 अण्डा उपलब्ध कराया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों का चिन्हांकन किया गया है। हर 15-15 दिनों में बिहान के समूह की महिलाओं द्वारा संबंधित गांव में हितग्राही के घर-घर जाकर अण्डे का वितरण किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के 06 माह से 05 वर्ष के कुल 11 हजार 367 मध्यम एवं गंभीर कुपोषित बच्चे को चिन्हांकित किया गया है, जो अभियान के तहत लाभान्वित हो रहे हैं। 15 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक नौनिहालों को 3 लाख 25 हजार 469 अण्डे खिलाए गए हैं।

बिहान के समूह की महिलाओं को अण्डा आपूर्ति की जिम्मेदारी, अण्डा उत्पादन करने वाले समूहों से खरीदी के बाद जिला स्तरीय संगठन द्वारा क्लस्टर में वितरण, बच्चों को नियमित अण्डा आपूर्ति और महिलाओं को मिला रोजगार
सुपोषण अभियान को जिले में मजबूत करने और अण्डे की आपूर्ति को नियमित बनाये रखने के लिए कलेक्टर श्री धावड़े के द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वसहायता समूहों की महिलाओं को ही जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अभियान से स्वसहायता समूहों को जोड़ने से स्थानीय स्तर पर ही अण्डे की आपूर्ति सुचारू रूप से हो रही है।
जिला स्तर पर महिला युग कृषक उत्पादन कम्पनी द्वारा अण्डा उत्पादकों से खरीदी की जाती है और गांव में अंडा आपूर्ति बिहान के संस्थागत संगठनों, संकुल स्तरीय संगठन, ग्राम संगठन, स्व सहायता समूह एवं सामुदायिक स्त्रोत व्यक्तियों के माध्यम से किया जा रहा है। इस अभियान के तहत स्वसहायता समूह की 642 महिलाओं को आय का अतिरिक्त साधन भी मिल गया है। हमर सुपोषित कोरिया अभियान से जिले में कुपोषण मुक्ति के साथ ही साथ महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त हो रहे है।

as

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours